देश की खबरें | ईडी ने तृणमूल नेता सायोनी को पूछताछ के लिए फिर किया तलब

कोलकाता, एक जुलाई पश्चिम बंगाल स्कूल भर्ती घोटाले के सिलसिले में तृणमूल छात्र परिषद की प्रदेश अध्यक्ष सायोनी घोष से पूछताछ करने के एक दिन बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शनिवार को उन्हें फिर पांच जुलाई को पेश होने के लिए कहा। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि छात्र नेता को बुधवार को कुछ दस्तावेजों के साथ ईडी कार्यालय आने को कहा गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘ अब भी कई ऐसे प्रश्न हैं जिनके उत्तर उन्हें देने की जरूरत है। हमने घोष को बुधवार को हमारे अधिकारियों के सामने पेश होने के लिए समन जारी किया है।’’

घोष ने कहा कि वह जांच में ईडी के साथ सहयोग करेंगी और यहां उसके कार्यालय जायेंगी।

उन्होंने कहा, ‘‘ यह बहुत महत्वपूर्ण जांच है और मैं ईडी अधिकारियों के साथ सहयोग करूंगी। मैं डरी हुई नहीं हूं।’’

शुक्रवार को ईडी के जांच दल ने इस घोटाले की जांच के सिलसिले में घोष से 11 घंटे पूछताछ की थी।

ईडी के सूत्रों ने बताया कि जिन लोगों को इस घोटाले की जांच के दौरान गिरफ्तार किया है, उनसे पूछताछ के दौरान घोष का नाम कई बार आया।

इस माह के प्रारंभ में ईडी ने इसी घोटाले के सिलसिले में तृणमूल महासचिव अभिषेक बनर्जी को पूछताछ के लिए बुलाया था।

बंगाल के पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी, उनकी करीब मित्र अर्पिता मुखर्जी तथा शिक्षा विभाग के कई अधिकारियो को इस घोटाले में कथित संलिप्तता को लेकर गिरफ्तार किया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)