देश की खबरें | सिक्किम में 5.4 तीव्रता का भूकंप, बंगाल और बिहार में भी महसूस किये गये झटके

गंगटोक, पांच अप्रैल सिक्किम में सोमवार रात 5.4 तीव्रता वाले भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि भूकंप के झटके पश्चिम बंगाल और बिहार में भी महसूस किए गए। रात आठ बज कर 49 मिनट पर आए भूकंप का केन्द्र भारत-भूटान सीमा के पास 10 किलोमीटर की गहराई में था।

उन्होंने बताया कि गंगटोक और सिक्किम के अन्य हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किये गये।

राज्य सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि लोग डर कर घरों से बाहर निकल आए, लेकिन सिक्किम में जानमाल को किसी तरह का नुकसान पहुंचने की फिलहाल कोई सूचना नहीं मिली है।

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अधिकारी ने बताया कि पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग, धूपगुड़ी (जलपाईगुड़ी), सिलीगुड़ी, कूचबिहार, रायगंज और बिहार के पूर्णिया जिले में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए।

यह पूछे जाने पर कि क्या भूकंप के बाद और हल्के झटके आने की आशंका है, अधिकारी ने कहा ,‘‘आमतौर पर छह की तीव्रता से कम वाले भूकंप आने के बाद इस तरह के झटके नहीं आते हैं...।’’

सरकारी सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भूकंप के बाद बिहार ,असम और सिक्किम के मुख्यमंत्रियों से बात कर उनके राज्यों के हालात की जानकारी ली।

बिहार के मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी एक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री को बताया कि राज्य आपदा प्रबंधन विभाग और संबंधित जिलाधिकारियों को सतर्क रहने को कहा गया है।

कुमार ने कहा कि जिलाधिकारियों को भूकंप से जानमान को हुए नुकसान का शीघ्रता से आकलन करने कहा गया है।

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को फोन करके उनका हाल चाल जाना क्योंकि बनर्जी सिलिगुड़ी में ही हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)