Delhi Weather: दिल्ली में आज सुबह-सुबह हुई बारिश, मौसम विभाग जारी किया ‘येलो अलर्ट’
राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को सुबह भी बारिश हुई। साथ ही मौसम विज्ञान विभाग ने ‘येलो अलर्ट’ जारी कर बारिश के कारण यातायात बाधित होने और निचले इलाकों में पानी भरने को लेकर आगाह किया है.
नयी दिल्ली, 31 मई: राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को सुबह भी बारिश हुई. साथ ही मौसम विज्ञान विभाग ने ‘येलो अलर्ट’ जारी कर बारिश के कारण यातायात बाधित होने और निचले इलाकों में पानी भरने को लेकर आगाह किया है. विभाग के अनुसार, दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ ही हल्की बारिश होने या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है. यह भी पढ़ें: Delhi Weather: दिल्ली में बारिश से मौसम हुआ सुहाना, चार जून तक 'लू' की संभावना नहीं
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम, 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अधिकतम तापमान के 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. सुबह साढ़े आठ बजे हवा में आर्द्रता का स्तर 98 प्रतिशत दर्ज किया गया.
शहर में हल्की से मध्यम बारिश के बाद कुछ इलाकों में पानी भरने की शिकायत भी मिली. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 99 रहा.
गौरतलब है कि शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 31, 2023 10:40 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

