दुष्यंत चौटाला ने लोगों का डर दूर करने के लिए खुद कोविड-19 की जांच करायी
जमात

चंडीगढ़, 29 अप्रैल लोगों के बीच कोरोना वायरस के संक्रमण की जांच कराने के लिये व्याप्त भय को दूर करने के उद्देश्य से हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने खुद अपनी जांच करवायी । उनकी पार्टी ने इसकी जानकारी दी ।

जननायक जनता पार्टी ने बताया कि हालांकि, चौटाला में कोरोना वायरस के संक्रमण का कोई लक्षण नहीं था, फिर भी उन्होंने लोगों को यह संदेश देने के लिये जांच करवायी कि इसमें डरने वाली कोई बात नहीं है ।

पार्टी के अनुसार, चौटाला के नमूने यहां एक डिस्पेंसरी में डाक्टरों के एक दल ने लिये, जांच रिपोर्ट का इंतजार है ।

जजपा ने बयान जारी कर कहा, ‘‘लोगों के बीच जागरूकता फैलाने के लिये उप मुख्यमंत्री ने एमएलए डिस्पेंसरी में कोविड—19 की जांच करवायी है । ’’

बाद में संवाददाताओं से बातचीत में चौटाला ने लोगों से अपील की कि अगर उनमें संक्रमण का कोई लक्षण आता है तो उन्हें बिना किसी भय के पास के सरकारी अस्पताल एवं अधिकृत निजी प्रयोगशालाओं में जांच कराना चाहिये ।

यह डिस्पेन्सरी चंडीगढ़ के सेक्टर तीन स्थित एमएलए हॉस्टल में है जहां कोविड—19 का इलाज होता है।

चौटाला ने कहा, ‘‘एक जिम्मेदार नागिरक होने के नाते मैं स्वेच्छा से जांच के लिये गया । मैं लोगों से अपील करता हूं कि कोविड—19 जांच कराने से किसी को भी नहीं डरना चाहिये । प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित रखने के लिये यही एकमात्र रास्ता है और हमें इस घातक वायरस के खिलाफ संघर्ष करना होगा ।'’’

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र और दिल्ली में कई पत्रकार कोरोना वायरस से संक्रमित हो गये हैं, इसलिये हरियाणा सरकार ने बुधवार को यहां पत्रकारों के लिये विशेष जांच की व्यवस्था की थी।

चौटाला पूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल के पड़पोते हैं और उनकी पार्टी जननायक जनता पार्टी हरियाणा में भाजपा की गठबंधन सहयोगी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)