देश की खबरें | दिल्ली में झपटमारी की घटना के दौरान महिला को स्कूटर से घसीटा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर पश्चिमी दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में ट्रैफिक सिग्नल पर मोबाइल फोन छीनने की कोशिश का विरोध करने पर एक युवती को स्कूटर से घसीटे जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, 17 दिसंबर उत्तर पश्चिमी दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में ट्रैफिक सिग्नल पर मोबाइल फोन छीनने की कोशिश का विरोध करने पर एक युवती को स्कूटर से घसीटे जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हालांकि उस समय लुटेरे भाग निकले, लेकिन सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की जांच के बाद पुलिस ने उनमें से एक की पहचान की और उसे पकड़ लिया।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किया गया आरोपी स्कूटर के पीछे बैठा हुआ था। पीड़ित युवती ने आरोपी का जैकेट पकड़ लिया था, जिस कारण युवती को आरोपियों ने करीब 100 मीटर तक घसीटा।

यह घटना उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में बृहस्पतिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे हुई, जब फोर्टिस अस्पताल में फ्रंट ऑफिस सहायक के पद पर काम करने वाली 23 वर्षीय पायल घर लौट रही थी।

वहां मौजूद लोगों ने पायल को अस्पताल पहुंचाया। पायल के घुटनों पर चोटें आईं थीं।

उत्तर-पश्चिम दिल्ली की पुलिस उपायुक्त उषा रंगनानी ने कहा कि स्कूटर चलाने वाले व्यक्ति की भी पहचान कर ली गई है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

पुलिस ने इस घटना को लेकर शालीमार बाग पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now