एजेंसी न्यूज

खेल गतिविधियों में आई तेजी की वजह से बड़ी संख्या में पदक जीत रहे हैं हमारे खिलाड़ी: CM योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि देश की 16 प्रतिशत आबादी उत्तर प्रदेश में निवास करती है, लेकिन जब पदक की बात आती है तो एशियाई खेलों में 25 प्रतिशत पदक उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने जीते हैं. यहां आयोजित ‘सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल बैडमिंटन टूर्नामेंट 2023’ का उद्घाटन करने के अवसर पर उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता न केवल खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करेगी, बल्कि उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए एक मंच भी प्रदान कर रही है.

खेल गतिविधियों में आई तेजी की वजह से बड़ी संख्या में पदक जीत रहे हैं हमारे खिलाड़ी: CM योगी आदित्यनाथ
(Photo : X)

लखनऊ, 28 नवंबर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने मंगलवार को कहा कि देश की 16 प्रतिशत आबादी उत्तर प्रदेश में निवास करती है, लेकिन जब पदक की बात आती है तो एशियाई खेलों में 25 प्रतिशत पदक उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने जीते हैं. यहां आयोजित ‘सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल बैडमिंटन टूर्नामेंट 2023’ का उद्घाटन करने के अवसर पर उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता न केवल खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करेगी, बल्कि उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए एक मंच भी प्रदान कर रही है. एक सरकारी बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने भारत समेत उत्तर प्रदेश में खेल गतिविधियों में आई तेजी का जिक्र करते हुए कहा कि ‘‘हम सभी जानते हैं कि 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर नए भारत में खेलकूद की गतिविधियों ने एक नई गति पकड़ी है. ‘खेलो इंडिया खेलो’ के अभियान को गति देने के बाद ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ हो, ग्रामीण स्तर पर सांसद खेलकूद प्रतियोगिताओं को आगे बढ़ाने का कार्यक्रम हो, पूरे देश के अंदर इसके परिणाम हम सबके सामने आए हैं. आज इसी का परिणाम है कि ओलंपिक में हमारे खिलाड़ी पहले की तुलना में कई गुना अधिक पदक प्राप्त करते हैं.’’

उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में एशियाई खेलों में हमने भारत के खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखा है. पहली बार एशियाई खेलों में हमारे खिलाड़ियों ने 100 का आंकड़ा पार किया है और पैरा एशियन गेम्स में भी हमारे खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 100 से अधिक पदक देश के लिए जीते हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘‘उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने भी इसमें उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है. वर्ल्ड चैंपियनशिप की यह बैडमिंटन प्रतियोगिता न केवल खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए बल्कि उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए भी एक मंच प्रदान कर रही है.’’ मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश में खिलाड़ियों को हर तरह के सहयोग के प्रति आश्वस्त किया. यह भी पढ़ें : Silkyara Restoration Operation: पीएम मोदी ने सीएम धामी से बात कर राहत एवं बचाव कार्यों की ली जानकारी

उन्होंने कहा कि हम सभी चाहते हैं कि उत्तर प्रदेश में बैडमिंटन का एक अच्छा केंद्र हो, जहां खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के साथ-साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं को भी संपन्न किया जा सके. योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री अखिलेश दास ने इसकी शुरुआत की और 10 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ यह क्षेत्र उत्तर प्रदेश के अंदर बैडमिंटन खिलाड़ियों के लिए न केवल प्रशिक्षण का बल्कि किसी भी प्रकार के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का एक नया केंद्र बिंदु बना है. इस दौरान उत्तर प्रदेश बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष डॉ. नवनीत सहगल, बीबीडी ग्रुप की चेयरमैन अल्का दास, प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद, खेल सचिव सुहास एलवाई, खेल निदेशक डॉ आरपी सिंह आदि उपस्थित रहे.

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 28, 2023 05:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).