देश की खबरें | तकनीकी गड़़बड़ी की वजह से दिल्ली मेट्रो की रेड लाइन पर सेवा बाधित

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली मेट्रो की ‘रेड लाइन’ के एक खंड पर सोमवार को सुबह कुछ तकनीकी समस्या के कारण सेवाएं करीब 45 मिनट के लिए प्रभावित हुईं, जिससे यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

नयी दिल्ली, 27 जून दिल्ली मेट्रो की ‘रेड लाइन’ के एक खंड पर सोमवार को सुबह कुछ तकनीकी समस्या के कारण सेवाएं करीब 45 मिनट के लिए प्रभावित हुईं, जिससे यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

‘रेड लाइन’ दिल्ली के रिठाला को गाजियाबाद के शहीद स्थल (नया बस अड्डा) से जोड़ती है।

दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने सुबह आठ बजे ट्वीट कर यात्रियों को ‘रेड लाइन’ पर मेट्रो सेवा में विलंब की जानकारी दी।

डीएमआरसी ने कहा था, ‘‘रेड लाइन पर इंद्रलोक और पीतमपुरा के बीच सेवाओं में विलंब हो रहा है। अन्य सभी लाइन पर सेवाएं सामान्य हैं। सुधार कार्य प्रगति पर है। नियमित सेवाओं को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं। यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद है। कृपया अद्यतन जानकारी के लिए हमारे साथ बने रहें।’’

डीएमआरसी ने सुबह पौने नौ बजे दोबारा ट्वीट कर सेवाएं सामान्य होने की जानकारी दी।

बाद में, एक बयान में, डीएमआरसी ने कहा, “कोहाट एन्क्लेव मेट्रो स्टेशन पर सुबह करीब आठ बजे शहीद स्थल (नया बस अड्डा) स्टेशन की ओर जा रही एक ट्रेन में तकनीकी खराबी की सूचना मिली थी। इसके कारण इंद्रलोक-पीतमपुरा खंड पर ट्रेन को करीब आधे घंटे तक खड़ा रहना पड़ा।”

एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि इस अवधि के दौरान रेड लाइन के बाकी हिस्सों - पीतमपुरा से रिठाला और इंद्रलोक से शहीद स्थल (नया बस अड्डा) पर सामान्य ट्रेन सेवाएं उपलब्ध थीं।

इससे पहले नौ जून को तकनीकी खराबी के कारण ‘ब्लू लाइन’ पर सेवाओं में दो घंटे से अधिक का विलंब हुआ था। छह जून को भी ‘ब्लू लाइन’ पर तकनीकी समस्या के कारण ऐसी परेशानी सामने आई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now