देश की खबरें | दिल्ली में बारिश के कारण कई जगह जलजमाव और पेड़ गिरने की घटनाएं
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मानसून की बारिश ने शुक्रवार को दिल्ली को तरबतर कर दिया, जिसके चलते राजधानी में जगह जगह पानी भर गया और कई हिस्सों से पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आयीं। इससे लोगों को भारी असुविधा हुई।
नयी दिल्ली, 30 जून मानसून की बारिश ने शुक्रवार को दिल्ली को तरबतर कर दिया, जिसके चलते राजधानी में जगह जगह पानी भर गया और कई हिस्सों से पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आयीं। इससे लोगों को भारी असुविधा हुई।
राजधानी के आनंद निकेतन, हौज खास और ओखला समेत कई हिस्सों से पेड़ गिरने के समाचार मिले।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि दिल्ली में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है।
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के अनुसार नजफगढ़, रणहोला और करावल नगर सहित दिल्ली में पांच स्थानों पर जलभराव की सूचना मिली। दिल्ली की यातायात पुलिस ने भी यात्रियों को सावधान करने के लिए कुछ इलाकों में जलभराव के बारे में ट्वीट किया।
राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को आर्द्रता 100 से 74 प्रतिशत के बीच रही। मौसम विभाग कार्यालय ने दिल्ली में शनिवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की बारिश का अनुमान जताया है जबकि अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 34 और 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा कि राजधानी में शनिवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है।
वायु गुणवत्ता और मौसम पूर्वानुमान अनुसंधान प्रणाली (सफर) के आंकड़ों के मुताबिक, वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 61 दर्ज किया गया, जो संतोषजनक श्रेणी में आता है।
गौरतलब है कि शून्य से 50 के बीच एक्यूआई अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर माना जाता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 30, 2023 10:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

