देश की खबरें | अमेरिकन एअरलाइन में व्यक्ति ने नशे की हालत में सह-यात्री पर पेशाब किया : सूत्र
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. (जीवन प्रकाश शर्मा)
(जीवन प्रकाश शर्मा)
नयी दिल्ली, पांच मार्च न्यूयॉर्क से नयी दिल्ली आ रहे अमेरिकन एअरलाइंस के विमान में एक यात्री ने नशे की हालत में एक पुरुष सह-यात्री पर कथित तौर पर पेशाब कर दिया। सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी।
यह घटना उड़ान संख्या एए292 में हुई जिसने शुक्रवार को रात नौ बजकर 16 मिनट पर न्यूयॉर्क से उड़ान भरी थी और शनिवार रात 10 बजकर 12 मिनट पर यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर उतरी।
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘हमें अमेरिका में पढ़ाई कर रहे और दिल्ली की डिफेंस कॉलोनी के रहने वाले 20 वर्षीय आर्या वोहरा के खिलाफ अमेरिकन एअरलाइंस के एक सह-यात्री पर पेशाब करने की शिकायत मिली है। हम आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं।’’
हवाई अड्डे पर एक सूत्र ने कहा, ‘‘आरोपी एक अमेरिकी विश्वविद्यालय का छात्र है। वह नशे की हालत में था और उसने नींद में कपड़ों में ही पेशाब कर दिया जिससे बगल में बैठा हुआ यात्री भी गीला हो गया। इसके बाद यात्री ने चालक दल से शिकायत की।’’
उन्होंने बताया कि पीड़ित यात्री पुलिस से इस मामले की शिकायत नहीं करना चाहता था क्योंकि आरोपी छात्र ने माफी मांग ली थी तथा शिकायत करने से उसका करियर खतरे में पड़ सकता था। बहरहाल, एअरलाइन ने इसे गंभीरता से लिया और इस मामले की सूचना आईजीआई हवाई अड्डे पर हवाई यातायात नियंत्रण (एटीसी) को दी।
चालक दल को घटना के बारे में पता चलने के बाद उन्होंने पायलट को इसकी सूचना दी जिसने एटीसी को मामले की जानकारी दी। एटीसी ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल को इसकी सूचना दी जिसने आरोपी यात्री को दिल्ली पुलिस को सौंप दिया।
हवाई अड्डे पर एक अन्य सूत्र ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘घटना का पता चलने के बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के साथ एअरलाइन का खुद का सुरक्षा दल हरकत में आया। विमान से उतरने के बाद आरोपी को फौरन हिरासत में ले लिया गया। पुलिस संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर रही है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)