एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | पंजाब में 'नशा मुक्ति यात्रा' निकाली जाएगी : अरविंद केजरीवाल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि पंजाब को नशे की समस्या से मुक्त करने के लिए राज्य में ‘नशा मुक्ति यात्रा’ निकाली जाएगी।

देश की खबरें | पंजाब में 'नशा मुक्ति यात्रा' निकाली जाएगी : अरविंद केजरीवाल

चंडीगढ़, 16 मई आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि पंजाब को नशे की समस्या से मुक्त करने के लिए राज्य में ‘नशा मुक्ति यात्रा’ निकाली जाएगी।

केजरीवाल ने इस ‘नशा मुक्ति यात्रा’ को जन क्रांति करार दिया।

केजरीवाल ने पंजाब के शहीद भगत सिंह नगर जिले के लंगरोया गांव में चल रहे 'युद्ध नशियां विरुद्ध' अभियान के तहत आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मादक पदार्थों के खिलाफ लड़ाई अब इस बुराई के खिलाफ जन आंदोलन में तब्दील हो गई है।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ नशे के खिलाफ पूरा प्रदेश एकजुट है। नशा मुक्ति यात्रा आज एसबीएस नगर से शुरू हो रही है। अगले डेढ़ महीने में हम राज्य के सभी 13,000 गांवों में जाएंगे और लोगों से बात करेंगे। शहरों में हम हर वार्ड में जाएंगे। ’’

आप नेता ने कहा कि पंजाब में नशे की समस्या के खिलाफ निर्णायक लड़ाई चल रही है और गांव-गांव को नशा मुक्त बनाया जा रहा है।

केजरीवाल ने कहा, ‘‘ सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि वे न तो नशा करेंगे और न ही गांवों में इसकी बिक्री होने देंगे। पुलिस और प्रशासन नशे के खिलाफ इस आंदोलन में लोगों का साथ देने के लिए मौजूद है। ’’

उन्होंने ग्रामीणों से यह भी आग्रह किया कि वे मादक पदार्थ के मामलों में गिरफ्तार लोगों की जमानत में मदद न करें।

केजरीवाल ने दावा किया, ‘‘ आम आदमी पार्टी की सरकार मादक पदार्थों की समस्या पर लगाम लगाने के लिए कदम उठा रही है और इस साल अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी तरन तारन जिले में हुई है, जहां 85 किलोग्राम हेरोइन जब्त की गई है। पिछले ढाई महीने में 10,000 से अधिक तस्कर गिरफ्तार किए गए, जिनमें 8,500 बड़े तस्कर शामिल हैं।’’

आप के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा, ‘‘चुनाव के समय हमने पंजाब को नशा मुक्त बनाने का वादा किया था और हम अपना काम कर रहे हैं। जरूरत पड़ी तो हम अपनी जान देने के लिए भी तैयार हैं।’’

केजरीवाल ने कहा कि नशे की लत के शिकार लोगों की मदद के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य भर के पुनर्वास केंद्रों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है।

उन्होंने कहा कि अगले वर्ष गांवों में व्यायामशालाएं और मैदान बनाए जाएंगे ताकि युवा अपनी ऊर्जा को सकारात्मक तरीके से लगा सकें।

केजरीवाल ने यह भी दावा किया कि पिछले तीन वर्षों में पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार ने पूरी तरह योग्यता के आधार पर 55,000 युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं। इस अवसर पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी मौजूद थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 16, 2025 08:58 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).