अहमदाबाद (गुजरात), आठ मई अहमदाबाद नगर निगम क्षेत्र में दमकल वाहन, ड्रोन और अन्य उपकरणों की मदद से दवाइयों का छिड़काव कर प्रत्येक वार्ड को संक्रमण मुक्त करने का अभियान शनिवार से शुरू होगा।
अहमदाबाद कोरोना वायरस का एक ऐसा हॉटस्पॉट (कोरोना वायरस संक्रमण के अत्यधिक मामलों वाला स्थान) है, जहां की स्थिति देश में सर्वाधिक चिंताजनक है।
नगर निगम के विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) एवं वरिष्ठ आईएएस अधिकारी राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि ड्रोन का उपयोग उन इलाकों को संक्रमण मुक्त करने के लिये दवाइयों का छिड़काव करने में किया जाएगा, जहां गाड़ियां नहीं जा सकती हैं।
उन्होंने शुक्रवार को नगर निगम के शीर्ष अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता की।
गुप्ता ने कहा, ‘‘हम अहमदाबाद नगर निगम के प्रत्येक वार्ड में शनिवार सुबह से एक व्यापक स्वच्छता अभियान शुरू कर रहे हैं। हम दमकल वाहन, विशेष वाहन और ड्रोन का इस्तेमाल करेंगे।’’
जिले में संक्रमण के कुल 4,991 मामलों में 4,909 मामले अहमदाबाद शहर से हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)













QuickLY