देश की खबरें | द्रौपदी मुर्मू ने की भाजपा और झामुमो के नेताओं से मुलाकात, मांगा समर्थन
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रपति पद की राजग की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को झारखंड का दौरा किया और देश के सर्वोच्च पद के चुनाव में राज्य के भाजपा विधायकों तथा सांसदों के अलावा सत्तारूढ़ आदिवासी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का समर्थन मांगा।
रांची, चार जुलाई राष्ट्रपति पद की राजग की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को झारखंड का दौरा किया और देश के सर्वोच्च पद के चुनाव में राज्य के भाजपा विधायकों तथा सांसदों के अलावा सत्तारूढ़ आदिवासी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का समर्थन मांगा।
उन्होंने राज्य में राजग विधायकों और सांसदों के अलावा झामुमो अध्यक्ष शिबू सोरेन, इसके कार्यकारी अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की।
झामुमो के एक प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी ने अभी तक 18 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में किसी उम्मीदवार को समर्थन देने के बारे में अपने रुख की घोषणा नहीं की है।
झामुमो ने एक बयान में कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मुर्मू के आगमन पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया, जो राज्य की पूर्व राज्यपाल हैं। उनके साथ केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, अन्नपूर्णा देवी और अर्जुन मेघवाल के अलावा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश भी थे।
सोरेन ने एक ट्वीट में कहा, "भगवान बिरसा की पवित्र भूमि पर उनके (मुर्मू) आगमन पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। आदरणीय द्रौपदी जी को हमारी ओर से बहुत-बहुत शुभकामनाएं।"
मुर्मू और सोरेन दोनों आदिवासी नेता हैं तथा वे संथाल जातीय समूह से ताल्लुक रखते हैं, जिसकी झारखंड के साथ-साथ ओडिशा में भी बड़ी आबादी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)