देश की खबरें | डोर्सी अतीत की गलतियों को छिपाना चाहते हैं, ‘ट्विटर फाइल्स’ ने प्लेटफार्म के दुरूपयोग का पर्दाफाश किया : अनुराग ठाकुर

शिमला, 13 जून केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने ट्विटर के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जैक डोर्सी के आरोपों को ‘सफेद झूठ बताकर खारिज करते हुए मंगलवार को कहा कि डोर्सी अतीत की अपनी गलतियों को छिपाने का प्रयास कर रहे हैं और ट्विटर के आंतरिक संवाद ने इस बात का पर्दाफाश किया है कि प्लेटफार्म का दुरूपयोग किया गया और इसमें पक्षपात हुआ।

ट्विटर के सह-संस्थापक और पूर्व सीईओ डोर्सी ने आरोप लगाया है कि देश में किसानों के प्रदर्शन के दौरान भारत सरकार ने ट्विटर पर दबाव डाला था और सरकार का कहना नहीं मानने पर भारत में ट्विटर को बंद करने, उसके कर्मचारियों के घरों पर छापे मारने की धमकियां दी गयी थीं।

सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने अपने ट्वीट में कहा, ‘‘ भारत दुनिया का सबसे बड़ा और पारदर्शी लोकतंत्र है। भारत में जब भी चुनाव नज़दीक होते हैं तो कुछ विदेशी ताक़तें और यहाँ उनके एजेंट एक योजनाबद्ध तरीक़े से देश को अस्थिर व बदनाम करने के लिए सक्रिय हो जाते हैं।’’

उन्होंने दावा किया कि जैक डोर्सी सफ़ेद झूठ बोल रहे हैं।

ठाकुर ने सवाल किया कि ट्विटर के अधिग्रहण पर ट्विटर फ़ाइल्स को लेकर उनके पक्षपात, छेड़खानी व दुर्भावना पर जो खुलासे हुए, उस पर आज तक उन्होंने जवाब क्यों नहीं दिया?

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ट्विटर के सह संस्थापक ने यह गलत आरोप अतीत की अपनी गलतियों को छिपाने के प्रयास के क्रम में लगाया और ट्विटर के आंतरिक संवाद ने इस बात का पर्दाफाश किया है कि प्लेटफार्म का दुरूपयोग किया गया और इसमें पक्षपात किया गया।

उन्होंने कहा कि ऐसी ताकतों के प्रयास अतीत में विफल हुए हैं और भविष्य में भी सफल नहीं होंगे।

ठाकुर ने कहा, ‘‘ जिस देश का नेतृत्व एक मजबूत नेता कर रहे हैं, उस देश के भीतर और बाहर ऐसी ताकतें राष्ट्र को अस्थिर नहीं कर पायेंगी ।’’

उन्होंने कहा कि जैक डोर्सी गहरी नींद से उठे हैं और अपने काले कारनामें छिपाने के लिए ऐसे आरोप लगा रहे हैं।’’

दीपक

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)