ताजा खबरें | प्रभावशाली लोगों, सोशल मीडिया सामग्री निर्माताओं के साथ मिलकर काम करे दूरदर्शन: संसदीय समिति

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. संसद की एक समिति ने शुक्रवार को सुझाव दिया कि दूरदर्शन को युवा दर्शकों के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने के लिए प्रभावशाली व्यक्तियों और सोशल मीडिया सामग्री निर्माताओं के साथ मिलकर काम करना चाहिए।

नयी दिल्ली, 21 मार्च संसद की एक समिति ने शुक्रवार को सुझाव दिया कि दूरदर्शन को युवा दर्शकों के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने के लिए प्रभावशाली व्यक्तियों और सोशल मीडिया सामग्री निर्माताओं के साथ मिलकर काम करना चाहिए।

भाजपा के लोकसभा सदस्य निशिकांत दुबे की अध्यक्षता वाली संचार और सूचना प्रौद्योगिकी पर संसद की स्थायी समिति ने यह भी सिफारिश की कि दूरदर्शन को सोशल मीडिया पर उपस्थिति बढ़ाकर और अन्य ऑनलाइन मंचों पर अपनी सामग्री साझा कर डिजिटल पहुंच बढ़ानी चाहिए।

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से संबंधित अनुदानों की मांगों (2025-26) पर 11वीं रिपोर्ट के अनुसार, ‘‘समिति का मानना ​​है कि मनोरंजन के लिए अश्लीलता-मुक्त सामग्री उपलब्ध कराते हुए, दूरदर्शन तेजी से बढ़ते प्रतिस्पर्धी मीडिया परिवेश में प्रासंगिक बने रहकर अपनी सार्वजनिक सेवा की जिम्मेदारी को पूरा करना जारी रख सकता है...।’’

समिति की रिपोर्ट शुक्रवार को लोकसभा में पेश की गई।

रिपोर्ट में सार्वजनिक प्रसारणकर्ता से सांस्कृतिक, सामाजिक और राजनीतिक घटनाओं की व्यापक कवरेज जारी रखने को कहा गया। साथ ही, आधुनिक प्रस्तुतिकरण प्रारूपों में, युवा जनसांख्यिकी को आकर्षित करने के लिए और स्थानीय प्रोग्रामिंग को बढ़ाने को कहा गया है।

मंत्रालय ने समिति को बताया कि प्रसार भारती में स्वीकृत पदों की संख्या 45,791 है, जबकि इसमें 30,221 पद रिक्त हैं। इनमें से 13,970 पद दूरदर्शन में और 16,251 पद आकाशवाणी में हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\