देश की खबरें | किसी कोने में पांच-दस लोगों के शोर को भाजपा कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन मत कहिए : विजयवर्गीय

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने शुक्रवार को कहा कि उनके दल के कार्यकर्ता मध्यप्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों का सामना करने के लिए आत्मविश्वास से लैस हैं और उनमें पार्टी के नेताओं के प्रति विरोध की कोई भावना नहीं है।

इंदौर, 25 अगस्त भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने शुक्रवार को कहा कि उनके दल के कार्यकर्ता मध्यप्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों का सामना करने के लिए आत्मविश्वास से लैस हैं और उनमें पार्टी के नेताओं के प्रति विरोध की कोई भावना नहीं है।

विजयवर्गीय ने इंदौर में संवाददाताओं से कहा,‘‘भाजपा के पास बहुत कार्यकर्ता हैं। हमारे पास कांग्रेस की तुलना में तीन से चार गुना कार्यकर्ता हैं। किसी कोने में पांच-दस कार्यकर्ता अगर शोर कर दें, तो आप यह नहीं कह सकते कि भाजपा के कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।’’

विजयवर्गीय ने इंदौर के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-एक के चुनावी टिकट के लिए भाजपा के पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता की कथित दावेदारी को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के एक समूह के सड़क पर उतरकर विरोध जताने के बारे में यह प्रतिक्रिया व्यक्त की।

भाजपा महासचिव ने कहा,‘‘मैं पूरे प्रदेश में घूम रहा हूं। भाजपा के कार्यकर्ता बड़े आत्मविश्वास के साथ आने वाले विधानसभा चुनावों का सामना करेंगे और हम दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाएंगे।’’

विजयवर्गीय ने इस बात से इनकार किया कि गुजरात के कुछ भाजपा विधायक आगामी विधानसभा चुनावों से पहले इंदौर में पार्टी के मौजूदा विधायकों का ‘‘रिपोर्ट कार्ड’’ तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात के ये भाजपा विधायक इंदौर के विधानसभा क्षेत्रों में ‘‘पार्टी के संगठन की व्यवस्थाएं’’ देख रहे हैं।

भाजपा ने राज्य की 230 विधानसभा सीटों पर नवंबर में संभावित विधानसभा चुनावों से करीब तीन महीने पहले 39 उम्मीदवारों की पहली सूची 17 अगस्त को घोषित की थी। इसके बाद पार्टी के अंदर चुनावी सरगर्मियां बढ़ गई हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\