मुंबई, 18 मई महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस ने केंद्र और भाजपा से प्रवासियों के लिये ट्रेन टिकट का 85 फीसदी किराया वहन करने संबंधी दस्तावेज दिखाने की सोमवार को मांग की।
प्रदेश कांग्रेस इकाई महासचिव सचिन सावंत ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार श्रमिक विशेष ट्रेनों में यात्रा कर रहे प्रवासियों से अधिक किराया वसूल कर रही है।
सावंत ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘प्रवासियों के लिये ट्रेन टिकट का 85 फीसदी हिस्सा वहन करने के केंद्र सरकार के दावे पर हम दस्तावेज प्राप्त करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिल सका है।’’
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र भाजपा इकाई प्रमुख चंद्रकांत पाटिल सहित भगवा पार्टी के नेता ट्रेन किराया के बारे में लोगों को लगातार गुमराह कर रहे हैं।
महाराष्ट्र के गृह मंत्री एवं राकांपा नेता अनिल देशमुख ने रविवार को कहा कि प्रवासियों के लिये रेल टिकटों का पूरा खर्च राज्य सरकार उठा रही है।
किराये का 85 फीसदी हिस्सा केंद्र के वहन करने पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बयान का जिक्र करते हुए देशमुख ने कहा कि उनका दावा तथ्यात्मक रूप से गलत है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)













QuickLY