एजेंसी न्यूज

चिकित्सक आत्महत्या मामले में आप विधायक जरवाल गिरफ्तार

   पुलिस ने कहा कि जरवाल और नागर को शनिवार शाम पूछताछ के लिए बुलाया गया और बाद में हिरासत में ले लिया गया।

चिकित्सक आत्महत्या मामले में आप विधायक जरवाल गिरफ्तार
जमात

नयी दिल्ली, नौ मई दिल्ली पुलिस ने पिछले महीने एक चिकित्सक के आत्महत्या करने के मामले में आप विधायक प्रकाश जरवाल और सह आरोपी कपिल नागर को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

   पुलिस ने कहा कि जरवाल और नागर को शनिवार शाम पूछताछ के लिए बुलाया गया और बाद में हिरासत में ले लिया गया।

मामले में शुक्रवार को दिल्ली की एक अदालत ने विधायक के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था।

दिल्ली के दुर्गा विहार में 18 अप्रैल को 52 वर्षीय डॉक्टर राजेंद्र सिंह ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली और सुसाइड नोट में जरवाल को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया था, जिसके बाद पुलिस ने विधायक के खिलाफ जबरन वसूली और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया था।

सिंह के बेटे हेमंत ने पुलिस ने बताया कि उनके पिता 2007 से ही इलाके में एक क्लीनिक चलाते थे और दिल्ली जल बोर्ड के साथ जल आपूर्ति के व्यवसाय से भी जुड़े थे।

पुलिस ने बताया कि चिकित्सक के आवास से एक सुसाइड नोट मिला था जिसमें लिखा था कि आप विधायक जरवाल उनकी मौत के जिम्मेदार हैं ।

अधिकारियों ने कहा कि हेमंत की शिकायत पर जरवाल, कपिल नागर और अन्य के खिलाफ जबरन धन वसूली और आत्महत्या के लिये उकसाने के आरोप में नेब सराय थाने में मामले दर्ज किये गए थे।

पुलिस ने बृहस्पतिवार को जरवाल के पिता और उनके दोनों भाइयों से इस मामले में पूछताछ की।

जरवाल को 2018 में दिल्ली के मुख्य सचिव अंशु प्रकाश से मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 09, 2020 10:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).