देश की खबरें | बिना चिंता कराइए उपचार, अस्पताल का पैसा देगी सरकार : आदित्यनाथ
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग करने पहुंचे लोगों को भरोसा दिया कि वे चिंता किये बिना अच्छे से अच्छे अस्पताल में इलाज कराएं तथा उपचार में जो भी खर्च आएगा, उसकी व्यवस्था सरकार करेगी।
गोरखपुर, 11 नवंबर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग करने पहुंचे लोगों को भरोसा दिया कि वे चिंता किये बिना अच्छे से अच्छे अस्पताल में इलाज कराएं तथा उपचार में जो भी खर्च आएगा, उसकी व्यवस्था सरकार करेगी।
उन्होंने इस दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन लोगों के पास आयुष्मान कार्ड नहीं है और उन्हें उपचार में आर्थिक सहायता की आवश्यकता है, उनके इलाज के खर्च के पर्चे बनवाने की प्रक्रिया जल्द पूरा कराकर शासन को उपलब्ध कराया जाए। उनका कहना था कि हर जरूरतमंद को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पर्याप्त सहायता उपलब्ध करायी जायेगी।
मुख्यमंत्री रविवार शाम विधानसभा उपचुनाव प्रचार करने के बाद गोरखपुर पहुंचे थे। गोरखनाथ मंदिर में रात्रि प्रवास के बाद सोमवार पूर्वाह्न झारखंड विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए रवाना होने से पहले उन्होंने सोमवार प्रातःकाल गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन में करीब 150 लोगों से मुलाकात की।
योगी आदित्यनाथ ने मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन में लोगों से एक-एक करके समस्याएं सुनीं और निस्तारण के लिए आश्वस्त करते हुए उनके प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को दिये।
उन्होंने सभी लोगों को आश्वस्त किया कि किसी को भी परेशान होने या घबराने होने की आवश्यकता नहीं है, हर समस्या का समाधान कराया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे जनता की समस्याओं का पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता से संतुष्टिपरक निस्तारण कराएं तथा किसी भी तरह की कोताही नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कहीं कोई जमीन कब्जा या दबंगई कर रहा हो तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। उनका कहना था कि पारिवारिक मामलों के निस्तारण में दोनों पक्षों को साथ बैठाकर संवाद करने को प्राथमिकता दी जाए।
जनता दर्शन में हर बार की तरह इस बार भी कई लोग गंभीर बीमारियों में इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर पहुंचे थे। योगी ने सभी को भरोसा दिया कि उनकी सरकार किसी भी जरूरतमंद के इलाज में धन की कमी को बाधक नहीं बनने देगी एवं विवेकाधीन कोष से मदद की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने सभी से आयुष्मान कार्ड के बारे में पूछा और अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर पात्र व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड बनाया जाना सुनिश्चित किया जाए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 11, 2024 02:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

