चेन्नई, 11 मई तमिलनाडु में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री के. पलानीस्वामी ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अनुरोध किया कि वे 31 मई तक राज्य में ट्रेन और हवाई सेवाएं शुरू ना करें। साथ ही उन्होंने केन्द्र से और पीसीआर किट मांगी है ताकि राज्य में कोविड-19 की जांच तेजी से की जा सके।
सरकार की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्रियों के साथ प्रधानमंत्री की वीडियो कांफ्रेंस के दौरान उन्होंने उक्त अनुरोध किया।
पलानीस्वामी ने प्रधानमंत्री मोदी से कहा, ‘‘हमें मीडिया के जरिए पता चला है कि चेन्नई-दिल्ली-चेन्नई ट्रेनों की आवाजाही 12 मई से शुरू होगी। चूंकि चेन्नई में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में वृद्धि हो रही है, ऐसे में मेरे राज्य में 31 मई, 2020 तक ट्रेन सेवा शुरू करने की अनुमति ना दें।’’
उन्होने कहा, ‘‘मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि 31 मई, 2020 तक सामान्य हवाई यातायात भी बहाल ना करें।’’
उन्होंने बताया कि रविवार तक राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण के लिए 2,43,037 नमूनों की जांच की गई है और उनमें से 7,204 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है।
गौरतलब है कि भारतीय रेल कोविड-19 लॉकडाउन के कारण करीब 50 दिन तक यात्री सेवाएं बंद रखने के बाद कल से चुनिंदा मार्गों पर 15 जोड़ी ट्रेनें (अप-एंड-डाउन मिलाकर 30 ट्रेनें) चलायेगी और इन विशेष ट्रेनों में सिर्फ वातानुकुलित श्रेणी (एसी-1, एसी-2 और एसी-3) के डिब्बे होंगे, किराया सामान्य राजधानी ट्रेन के अनुरुप होगा।
विज्ञप्ति के अनुसार, पलानीस्वामी ने बैठक में कहा, ‘‘मुझे बताया गया है कि (देश में) सबसे ज्यादा जांच तमिलनाडु में हो रहे हैं।’’
उन्होंने केन्द्र से और पीसीआर किट भेजने की भी मांग की। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने विभिन्न मदों से केन्द्र से राज्य को धन भेजने का भी अनुरोध किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)













QuickLY