एजेंसी न्यूज

रबी फसलों की खरीद में न हो देर, राज्यों के साथ मिलकर काम कर रहा केंन्द्र: तोमर

भाजपा के 'सुशासन' (गुड गवर्नेर्स) विभाग द्वारा आयोजित वीडियो कांफ्रेंस में उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि करीब 80 प्रतिशत से अधिक गेहूं, दलहन और तिलहन फसलों की कटाई की जा चुकी है।

रबी फसलों की खरीद में न हो देर, राज्यों के साथ मिलकर काम कर रहा केंन्द्र: तोमर

नयी दिल्ली, 10 अप्रैल केंद्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने शुक्रवार को कहा कि केन्द्र सरकार, राज्यों के साथ तालमेल करके यह सुनिश्चित करने का उपाय कर रही है कि गेहूं जैसी रबी मौसम की उपज की खरीद में देरी नहीं हो।

भाजपा के 'सुशासन' (गुड गवर्नेर्स) विभाग द्वारा आयोजित वीडियो कांफ्रेंस में उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि करीब 80 प्रतिशत से अधिक गेहूं, दलहन और तिलहन फसलों की कटाई की जा चुकी है।

तोमर ने राष्ट्रव्यापी ‘लॉकडाऊन’ की वजह से प्रतिबंधों के कारण फसलों, विशेष रूप से फूलों और फलों जैसे जल्द खराब होने वाले उत्पादों को पहुंची क्षति की बात को माना और कहा कि रेल गाड़ियों द्वारा आवश्यक वस्तुओं को लाने ले जाने और सभी महत्वपूर्ण शहरों से इन्हें जोड़ने के फैसले से किसानों को मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने बाजार हस्तक्षेप योजना भी लागू की है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य कृषि और बागवानी उत्पादों का उत्पादन करने वाले किसानों को होने वाले नुकसान को बराबर मात्रा में साझा करेंगे।

तोमर ने कहा, ‘‘खेती से जुड़े काम न रुके, यह हमारी पहले दिन से ही प्राथमिकता रही है। राज्यों के साथ समन्वय में केंद्र सरकार इस संबंध में पर्याप्त उपाय कर रही है।’’

तोमर ने कहा कि ‘लॉकडाऊन’ के दौरान कटाई जैसे काम को आवश्यक सेवाओं में रखा गया है।

उन्होंने कहा कि गेहूं की खरीद 15 अप्रैल से शुरू होगी और केन्द्र किसानों की उपज की खरीद के लिए राज्यों के साथ मिलकर काम कर रहा है। इसके साथ ही पूरे खरीद कार्य के दौरान सामाजिक दूरी बनाये रखने के मानदंड का पालन सुनिश्चित किया जायेगा।

तोमर, जो ग्रामीण विकास मंत्री भी हैं, ने कहा कि पीएम गरीब कल्याण पैकेज के हिस्से के रूप में 6.39 करोड़ से अधिक किसानों के बीच 12,771 करोड़ रुपये का वितरण किया गया है। जन धन खाते वाली महिलाओं के लिए घोषित नकद लाभ भी उनमें से अधिकांश तक पहुंच गए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 10, 2020 08:25 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).