देश की खबरें | द्रमुक परिसीमन और भाषा के नाम पर झूठा प्रचार कर रही: केंद्रीय मंत्री
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने रविवार को आरोप लगाया कि तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) परिसीमन और हिंदी थोपने के नाम पर झूठा प्रचार कर रही है ताकि राज्य विधानसभा चुनावों से पहले खुद पर लगे ‘‘शराब घोटाले’’ के आरोपों से बच सके।
हैदराबाद, 23 मार्च केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने रविवार को आरोप लगाया कि तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) परिसीमन और हिंदी थोपने के नाम पर झूठा प्रचार कर रही है ताकि राज्य विधानसभा चुनावों से पहले खुद पर लगे ‘‘शराब घोटाले’’ के आरोपों से बच सके।
इस बात पर बल देते हुए कि भाजपा दक्षिण में कर्नाटक और तेलंगाना में सत्ता में आएगी, भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन द्वारा शनिवार को परिसीमन पर चेन्नई में बुलाई गई बैठक में शामिल होने वाली पार्टियां दक्षिण में भाजपा के विस्तार को रोकना चाहती हैं।
उन्होंने कहा कि ‘‘अवसरवादी पार्टियां’’ इस बात का झूठा प्रचार कर रही हैं कि निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन में दक्षिणी राज्यों को नुकसान होगा।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और भाजपा के भीतर निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन पर कोई चर्चा नहीं हुई है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अगर इस मुद्दे पर कोई बैठक होती है और जब कोई चर्चा होती है तो सुझाव दिए जाते हैं तब तो यह समझ में आता।
भाजपा की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष किशन रेड्डी ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘कोई बहस (परिसीमन पर) नहीं है। ये लोग तमिलनाडु चुनाव के मद्देनजर झूठा प्रचार कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘स्टालिन (तमिलनाडु के मुख्यमंत्री) को शराब घोटाले पर जवाब देना होगा। खुद को इससे बचाने के लिए (वे) , परिसीमन और भाजपा के खिलाफ झूठा प्रचार कर रहे हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)