नयी दिल्ली, 29 दिसंबर दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने बृहस्पतिवार को राजधानी में मलजल निकास प्रणाली में सुधार और ‘लैंडफिल’ (कूड़ा डालने की जगह) को साफ करने के तरीकों पर इजराइली विशेषज्ञों के साथ बातचीत की।
एक बयान में कहा गया है कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य राजधानी में एक विश्व स्तरीय मलजल निकास प्रणाली विकसित करना और नवीनतम तकनीक की मदद से ‘लैंडफिल’ को साफ करना है।
इजराइली विशेषज्ञों ने भारद्वाज को वीडियो कांफ्रेंस के जरिए बताया कि उनके मलजल शोधन संयंत्रों में स्थापित नवीनतम तकनीक से उन्हें अपने अपशिष्ट जल का 95 प्रतिशत तक का पुन: उपयोग करने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि मलजल से निकलने वाले कीचड़ का इस्तेमाल कृषि में किया जाता है।
भारद्वाज ने इजराइल के विशेषज्ञों से अनुरोध किया कि अगला सम्मेलन होने पर प्रौद्योगिकी के बारे में अधिक जानकारी प्रदान करें।
इजराइल के विशेषज्ञों ने कहा कि उनके यहां घरों और उद्योगों से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग करने वाले संयंत्रों में ठीक तरह से अलग किया जाता है और इसे सीधे ‘लैंडफिल’ पर नहीं डाला जाता।
भारद्वाज ने कहा कि इजराइली अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली निकट भविष्य में ओखला, भलस्वा और गाजीपुर में कचरे के पहाड़ों को साफ करने में मददगार साबित हो सकती है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY