एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | दिव्यांश पंवार ने विश्व रिकॉर्ड से स्वर्ण पदक जीता

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारतीय ओलंपियन दिव्यांश सिंह पंवार ने रविवार को यहां पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा के फाइनल्स में विश्व रिकॉर्ड बनाकर देश को आईएसएसएफ विश्व कप में दूसरा स्वर्ण पदक दिलाया।

खेल की खबरें | दिव्यांश पंवार ने विश्व रिकॉर्ड से स्वर्ण पदक जीता

काहिरा, 28 जनवरी भारतीय ओलंपियन दिव्यांश सिंह पंवार ने रविवार को यहां पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा के फाइनल्स में विश्व रिकॉर्ड बनाकर देश को आईएसएसएफ विश्व कप में दूसरा स्वर्ण पदक दिलाया।

इस 21 साल के निशानेबाज दिव्यांश ने 253.7 अंक से चीन के शेंग लिहाओ के पिछले साल हांगझोउ एशियाई खेलों में बनाये गये 253.3 के रिकॉर्ड को बेहतर किया।

दिव्यांश ने क्वालीफिकेशन में विश्व स्तरीय 632.4 अंक से पहले स्थान से 24 शॉट के फाइनल में जगह बनायी जिसमें भी अपने सटीक निशानों से रजत पदक विजेता इटली के दानी सोलाजो को 1.9 अंक से पछाड़ दिया।

उन्होंने एक भी स्कोर 10 से कम का नहीं बनाया और उनके दो शॉट परफेक्ट 10.9 अंक के रहे।

दिव्यांश ने जीत के बाद कहा, ‘‘मैं लंबे समय बाद स्वर्ण पदक जीतकर खुश हूं। हाल के दिनों में मैं अच्छा निशाना लगा रहा था लेकिन चूक रहा था। इस पदक से निश्चित रूप से इस महत्वपूर्ण वर्ष में मेरा आत्मविश्वास बढ़ेगा। ’’

सर्बिया के लाजार कोवासेविच ने कांस्य पदक जीता जबकि फाइनल में पहुंचने दूसरे भारतीय अर्जुन बबूता छठे स्थान पर रहे।

यह दिव्यांश का विश्व कप चरण में कुल पांचवां स्वर्ण पदक है। 2019 में चीन के पुटियान के बाद यह उनका दूसरा व्यक्तिगत स्वर्ण पदक है।

भारत के अब दो स्वर्ण और दो रजत पदक हो गये हैं जिससे देश ओलंपिक वर्ष के पहले आईएसएसएफ विश्व कप चरण की तालिका में शीर्ष पर चल रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 28, 2024 09:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).