देश की खबरें | दिशा सालियान के पिता ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी से मुलाकात की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व प्रबंधक दिशा सालियान के पिता ने बृहस्पतिवार को मुंबई पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी से मुलाकात की और 2020 में सालियान की मौत के संबंध में शिवसेना (उबाठा) के नेता आदित्य ठाकरे तथा अन्य के खिलाफ मामला दर्ज करने के लिए दी गई उनकी लिखित शिकायत पर कार्रवाई की मांग की।
मुंबई, 27 मार्च दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व प्रबंधक दिशा सालियान के पिता ने बृहस्पतिवार को मुंबई पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी से मुलाकात की और 2020 में सालियान की मौत के संबंध में शिवसेना (उबाठा) के नेता आदित्य ठाकरे तथा अन्य के खिलाफ मामला दर्ज करने के लिए दी गई उनकी लिखित शिकायत पर कार्रवाई की मांग की।
दिशा की हत्या का दावा करने और अपराध को छिपाने का आरोप लगाने वाले सतीश सालियान ने अपने अधिवक्ताओं के साथ दक्षिण मुंबई स्थित पुलिस आयुक्त कार्यालय में अपराह्न करीब तीन बजे संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) से मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान सतीश सालियान और उनके अधिवक्ताओं ने मंगलवार को पुलिस अधिकारी को सौंपी गई शिकायत में नामित व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के मुद्दे पर चर्चा की।
बाद में मीडियाकर्मियों से बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘मैं आज ही ‘नार्को’ परीक्षण करवाने के लिए तैयार हूं। हालांकि, मेरे साथ-साथ मेरे आवेदन में जिन लोगों के नाम हैं, उन पर भी ‘नार्को’ परीक्षण करवाया जाना चाहिए, जिसमें आदित्य ठाकरे भी शामिल हैं।’’
बुधवार को एक क्षेत्रीय समाचार चैनल से बात करते हुए शिवसेना (उबाठा) के लोकसभा सांसद अरविंद सावंत ने सतीश सालियान का ‘नार्को’ परीक्षण किए जाने की मांग की थी।
बैठक का उद्देश्य पूछे जाने पर सतीश सालियान के अधिवक्ताओं ने मीडिया को बताया कि महाराष्ट्र सरकार ने कहा है कि उनकी शिकायत पर संज्ञान लेने की प्रक्रिया जारी है, लेकिन अभी तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।
अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व प्रबंधक दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान ने जून 2020 में रहस्यमयी परिस्थितियों में हुई अपनी बेटी की मौत की नये सिरे से जांच कराने के लिए बंबई उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है।
याचिका में आरोप लगाया गया है कि ‘दिशा के साथ दुष्कर्म किया गया और उसकी हत्या कर दी गई। बाद में कुछ प्रभावशाली व्यक्तियों को बचाने के लिए राजनीतिक रूप से साजिश रची गई।”
राज्य के पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे ने पहले कहा था कि वह याचिका में लगाए गए आरोपों का जवाब अदालत में देंगे।
दिशा सालियान की मौत आठ जून 2020 को उपनगरीय मलाड में एक आवासीय इमारत की 14वीं मंजिल से गिरने से हुई थी और इसके छह दिन बाद अभिनेता राजपूत ने बांद्रा स्थित अपने अपार्टमेंट में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 27, 2025 07:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

