देश की खबरें | अतिसार का प्रकोप: ओडिशा के दो जिलों में स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्र बंद रहेंगे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा सरकार ने बृहस्पतिवार को कहा कि अतिसार के प्रकोप के मद्देनजर जाजपुर में सभी स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र 24 जून तक और भद्रक में 21 जून तक बंद रहेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
भुवनेश्वर, 19 जून ओडिशा सरकार ने बृहस्पतिवार को कहा कि अतिसार के प्रकोप के मद्देनजर जाजपुर में सभी स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र 24 जून तक और भद्रक में 21 जून तक बंद रहेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
जाजपुर और भद्रक जिला प्रशासन ने इस संबंध में अलग-अलग आदेश जारी किए हैं।
भुवनेश्वर और कटक को छोड़कर पूरे ओडिशा में स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद 20 जून को फिर से खुलने हैं।
इससे पहले दिन में स्कूल और जन शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड ने कहा कि जिलाधिकारियों को मौजूदा स्थिति को ध्यान में रखते हुए अतिसार प्रभावित तीन जिलों - भद्रक, जाजपुर और कटक में स्कूलों को फिर से खोलने पर निर्णय लेने के लिए अधिकृत किया गया है।
गोंड ने कहा, ‘‘राज्य सरकार अतिसार के प्रकोप को लेकर बहुत चिंतित है। हमने अधिकारियों से कहा है कि वे स्कूल गतिविधियां फिर से शुरू करने से पहले संवेदनशील जिलों में स्थिति पर बारीकी से नजर रखें।’’
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया था कि जाजपुर जिले में अतिसार से दो और लोगों की मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 13 पहुंच गई।
अतिसार से मृत्यु के ये ताजा मामले व्यासनगर क्षेत्र के हैं।
उन्होंने ने बताया कि वर्तमान में जाजपुर के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में अतिसार के कुल 196 मरीजों का इलाज किया जा रहा है।
गोंड ने कहा कि राज्य सरकार ने छात्रों की सुरक्षा के लिए कई एहतियाती कदम उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि जिन स्कूलों में जल शुद्धिकरण प्रणाली नहीं है, वहां छात्रों को उबला हुआ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि मध्याह्न भोजन गर्म करके ही परोसने का निर्देश दिया गया है।
मंत्री ने कहा कि आवासीय विद्यालयों में भी इसी प्रकार की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने कहा कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद स्कूल खुलने से पहले स्कूल परिसर और पानी की टंकियों की सफाई पर जोर दिया जाएगा।
एहतियात के तौर पर स्कूल परिसरों के पास स्थित खाने पीने की दुकानें भी बंद रहेंगी।
इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार के विशेषज्ञों की तीन संयुक्त टीम ने बृहस्पतिवार को कटक, जाजपुर और भद्रक जिलों का दौरा किया। इन्होंने अतिसार को लेकर निरीक्षण और समीक्षा शुरू कर दी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 19, 2025 09:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

