देश की खबरें | हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी लापता, एंटीगुआ पुलिस ने शुरू की तलाश : वकील
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. एंटीगुआ एवं बारबुडा में रह रहा भगोड़ा हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी लापता हो गया है और रविवार से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। कैरेबियाई द्वीपीय देश की ‘रॉयल पुलिस फोर्स’ ने एक बयान में यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 25 मई एंटीगुआ एवं बारबुडा में रह रहा भगोड़ा हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी लापता हो गया है और रविवार से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। कैरेबियाई द्वीपीय देश की ‘रॉयल पुलिस फोर्स’ ने एक बयान में यह जानकारी दी।
उल्लेखनीय है कि चोकसी पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के साथ कथित तौर पर 13,500 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में वांछित है।
प्रधानमंत्री गैस्टन ब्राउन ने कहा है कि उनके पास आज की तारीख तक इस बात की '' विश्वसनीय सूचना नहीं है'' कि चोकसी देश छोड़कर चला गया है और इस बात की पूरी संभावना है कि चोकसी एंटीगुआ एवं बारबुडा में ही था।
एंटीगुआ एवं बारबुडा की संसद को दिए बयान में ब्राउन ने कहा कि अधिकारी चोकसी का पता लगाने के प्रयास में भारत सरकार, पड़ोसी देशों और अंतरराष्ट्रीय पुलिस संगठन के साथ सहयोग कर रहे थे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि चोकसी के घर के किसी शख्स ने उसके लापता होने के संकेत दिए, जिसके बाद से देश की पुलिस ने इस बाबत बयान जारी किया। इस बयान को इंटरपोल के साथ साझा किया जाएगा।
इससे पहले, एंटीगुआ पुलिस ने एक बयान में बताया कि चोकसी को रविवार को आखिरी बार उसकी कार में देखा गया था। कार तो पुलिस ने बरामद कर ली है लेकिन चोकसी का कुछ पता नहीं चल पाया है।
चोकसी के वकील विजय अग्रवाल ने उनके मुवक्किल के लापता होने की खबरों की पुष्टि की है।
अग्रवाल ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘ एंटीगुआ पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है। परिवार उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित है। हम सभी खबरों पर नजर बनाए हुए हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)