देश की खबरें | धनखड़ बुधवार को असम, मणिपुर का दौरा करेंगे

इम्फाल, दो मई उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ बुधवार को असम और मणिपुर का दौरा करेंगे। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है।

बयान के अनुसार वह इन पूर्वोत्तर राज्यों की यात्रा के दौरान तीन विश्वविद्यालयों का दौरा करेंगे।

इसके अनुसार धनखड़ असम में डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय के दौरे के साथ अपनी यात्रा की शुरुआत करेंगे, जहां वह विश्वविद्यालय के 21वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे।

समारोह में असम के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया, मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री रामेश्वर तेली मौजूद रहेंगे।

धनखड़ इसके बाद मणिपुर की राजधानी इम्फाल में धनमंजुरी विश्वविद्यालय जाएंगे। वहां, वह विश्वविद्यालय के छात्रों और शिक्षकों के साथ बातचीत करेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि धनखड़ मणिपुर विश्वविद्यालय जाएंगे, जहां वह विभिन्न संस्थानों के संकाय सदस्यों और वैज्ञानिकों के साथ बातचीत करेंगे।

मणिपुर की राज्यपाल अनुसुइया उइके, मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह और केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री राजकुमार रंजन सिंह धनखड़ के साथ दो कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)