एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | डीजीसीए ने उड़ान प्रशिक्षण संगठनों के लिए ‘रैंकिंग’ प्रणाली शुरू की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने देश में पायलट प्रशिक्षण गतिविधियों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा में सुधार के प्रयासों के तहत उड़ान प्रशिक्षण संगठनों के लिए ‘रैंकिंग’ प्रणाली शुरू की है।

जरुरी जानकारी | डीजीसीए ने उड़ान प्रशिक्षण संगठनों के लिए ‘रैंकिंग’ प्रणाली शुरू की

नयी दिल्ली, नौ जुलाई नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने देश में पायलट प्रशिक्षण गतिविधियों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा में सुधार के प्रयासों के तहत उड़ान प्रशिक्षण संगठनों के लिए ‘रैंकिंग’ प्रणाली शुरू की है।

यह कदम उड़ान प्रशिक्षण संगठनों (एफटीओ) के विमानों से जुड़ी विभिन्न घटनाओं और स्पष्ट खामियों की पृष्ठभूमि में उठाया गया है।

डीजीसीए ने बयान में कहा कि ‘रैंकिंग’ प्रणाली एक अक्टूबर, 2025 से लागू की जाएगी। इसे हर साल दो बार एक अक्टूबर और एक अप्रैल को प्रकाशित किया जाएगा।

डीजीसीए के अनुसार, यह पहल भारत में पायलट प्रशिक्षण की गुणवत्ता, सुरक्षा एवं दक्षता में सुधार लाने और प्रदर्शन-संचालित व पारदर्शी प्रशिक्षण परिवेश को बढ़ावा देने की उसकी निरंतर प्रतिबद्धता का हिस्सा है।

डीजीसीए ने आठ जुलाई को जारी पत्र में कहा कि एफटीओ को विभिन्न मानदंडों के आधार पर ‘रैंकिंग’ दी जाएगी। यदि किसी एफटीओ का समग्र ‘स्कोर’ 50 प्रतिशत से कम रहता है तो संबंधित इकाई को उनके प्रदर्शन में सुधार को आत्म-विश्लेषण के लिए नोटिस दिया जाएगा।

नियामक ने कहा कि ‘रैंकिंग’ से प्रशिक्षण की गुणवत्ता एवं मानकीकरण सुनिश्चित करने और एक समान तथा वस्तुनिष्ठ मानदंडों के आधार पर एफटीओ के प्रदर्शन का आकलन करने में भी मदद मिलेगी।

इसमें कहा गया, ‘‘ आकांक्षी पायलट और उनके परिवार अक्सर विश्वसनीय एफटीओ की पहचान करने में संघर्ष करते हैं। ‘रैंकिंग’ प्रणाली एक विश्वसनीय मार्गदर्शक के रूप में काम करती है, जो उन्हें केवल स्थान या शुल्क के बजाय गुणवत्ता, सुरक्षा एवं प्रशिक्षण परिणामों के आधार पर संस्थानों का चयन करने में मदद करती है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 09, 2025 03:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).