अयोध्या (उत्तरप्रदेश), छह अगस्त प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा राम मंदिर का भूमि पूजन किये जाने के एक दिन बाद बृहस्पतिवार को हनुमानगढ़ी मंदिर में श्रद्धालुओं का सामान्य दिनों की तरह दर्शन के लिए आना शुरू हो गया । पुलिस के एक कांस्टेबल की नजर सब पर थी ताकि कोविड-19 के मद्देनजर सामाजिक दूरी का पालन सुनिश्चित हो सके ।
ठंडी हवाओं और आसमान में बादल छाए रहने के साथ सुबह के समय सरयू नदी में लोग डुबकी लगाते नजर आये । उत्साहित युवा सेल्फी ले रहे थे । घाट पर पूजा अर्चना जारी थी ।
हनुमानगढ़ी के आसपास की दुकानें खुल गयीं । दुकानदारों को उम्मीद है कि राम मंदिर बनने के बाद उनका कारोबार भी गति पकड़ेगा। गोरखपुर के रहने वाले पीएसी कांस्टेबल 47 वर्षीय श्रीराम मंदिर के निकट पुलिस पिकेट पर तैनात हैं । उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को अधिक श्रद्धालु मंदिर दर्शन करने आये ।
अतिविशिष्ट लोगों के बुधवार को आवागमन के मद्देनजर ठहरा हुआ सामान्य जनजीवन फिर पटरी पर लौट आया । हनुमानगढ़ी मंदिर के आसपास प्रसाद की दुकानें खुल गयीं । श्रद्धालु दर्शन से पहले पूजन सामग्री और प्रसाद लेते दिखे । पूजन सामग्री बेचने वाले अमित कुमार ने बताया कि पांच दिन बाद दुकान खोली है । शनिवार और रविवार को साप्ताहिक बंदी थी जबकि सोमवार से बुधवार तक दुकान बंद रही ।
कुमार का मानना है कि राम मंदिर बनने से उन्हें कारोबार में फायदा होगा । राकेश मोदनवाल का भी ऐसा ही मानना है, जो हिन्दू देवी देवताओं की मढी हुई फोटो बेचते हैं । उन्होंने बताया कि पिछले दस दिन से आ रहे श्रद्धालु राम लला की फोटो मांग रहे हैं ।
कपडा व्यवसायी रवि चंद्र गुप्ता भी राम मंदिर बनने पर कारोबार बढने को लेकर आश्वस्त हैं । मिठाई दुकानदार राकेश कुमार भी ऐसी उम्मीद रखते हैं । उनका कहना है कि मंदिर बनने का सकारात्मक असर उनके काम धंधे पर पड़ेगा ।
एक अन्य मिठाई विक्रेता अरविन्द ने बताया कि वह तीन से चार पीढियों से ये दुकान चला रहे हैं । भव्य राम मंदिर का निर्माण होने पर निश्चित तौर पर उन्हें मदद मिलेगी और कोविड-19 की वजह से जो चुनौतियां इस समय पेश आयी हैं, उनसे भी निजात मिलेगी ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY