एजेंसी न्यूज

ओलंपिक से पहले सीनियर पुरूष और महिला टीमों की स्पर्धाओं की विस्तृत योजना तैयार : हॉकी इंडिया

इसके तहत दोनों टीमों दुनिया की शीर्ष टीमों के खिलाफ कई मैच खेलेंगी ।

ओलंपिक से पहले सीनियर पुरूष और महिला टीमों की स्पर्धाओं की विस्तृत योजना तैयार : हॉकी इंडिया
जमात

नयी दिल्ली, 13 मई हॉकी इंडिया ने बुधवार को कहा कि उसने अगले साल होने वाले तोक्यो ओलंपिक से पहले सीनियर पुरूष और महिला टीमों की स्पर्धाओं की सूची तैयार कर ली है ।

इसके तहत दोनों टीमों दुनिया की शीर्ष टीमों के खिलाफ कई मैच खेलेंगी ।

वीडियो कांफ्रेंस के जरिये हुए एक विशेष कांग्रेस में कार्यकारी बोर्ड के सदस्यों और हॉकी इंडिया की प्रदेश ईकाइयों ने कोरोना वायरस महामारी के बाद खेल की बहाली के लिये विभिन्न विकल्पों पर बात की ।

भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा ने विशेष आमंत्रित के तौर पर इस बैठक में भाग लिया ।

हॉकी इंडिया के हाई परफार्मेंस निदेशक डेविड जॉन ने तोक्यो ओलंपिक की तैयारी पर इस महामारी के असर पर फोकस करते हुए कहा कि सभी राष्ट्रीय खिलाड़ियों ने पिछले महीने भारतीय खेल प्राधिकरण को मानक संचालन प्रक्रिया भेज दी है ।

हॉकी इंडिया ने एक विज्ञप्ति में कहा ,‘‘ सीनियर पुरूष टीम को हॉकी प्रो लीग के दस मैच खेलने हैं । भारत में न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैचों के अलावा बाकी आठ मैच जर्मनी, ब्रिटेन, अर्जेंटीना और स्पेन में होने हैं ।’’

इसमें कहा गया ,‘‘भारतीय महिला टीम उन देशों में खेलेगी जहां यात्रा पाबंदियों में रियायत है जिनमें नीदरलैंड, जर्मनी, आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड शामिल हैं ।’’

हॉकी इंडिया ने यह भी कहा कि हालात के आधार पर भारतीय महिला और पुरूष टीमें एशियाई चैम्पियंस ट्राफी में भाग लेंगी जिससे ओलंपिक की तैयारियों को बल मिलेगा ।

हॉकी इंडिया ने पुरूष , महिला और जूनियर स्तर पर चैम्पियनशिप के स्थानों की भी घोषणा की । महाराष्ट्र में 2021 सीनियर पुरूष चैम्पियनशिप होगी जबकि उत्तर प्रदेश में महिलाओं की चैम्पियनशिप खेली जायेगी ।

जूनियर और सब जूनियर पुरूष वर्ग की चैम्पियनशिप हरियाणा में और महिलाओं की झारखंड में होगी ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 13, 2020 08:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).