देश की खबरें | उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार विक्रम मिस्री होंगे भारत के अगले विदेश सचिव
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार विक्रम मिस्री को शुक्रवार को भारत का अगला विदेश सचिव नियुक्त किया गया। मिस्री को चीन के मामलों में विशेषज्ञ माना जाता है।
नयी दिल्ली, 28 जून उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार विक्रम मिस्री को शुक्रवार को भारत का अगला विदेश सचिव नियुक्त किया गया। मिस्री को चीन के मामलों में विशेषज्ञ माना जाता है।
भारतीय विदेश सेवा के 1989 बैच के अधिकारी मिस्री, विनय क्वात्रा की जगह लेंगे। क्वात्रा को संभवतः अमेरिका में भारत का राजदूत नियुक्त किया जा सकता है।
एक आधिकारिक अधिसूचना के मुताबिक, मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार मिस्री के नाम को मंजूरी दी।
मिस्री 15 जुलाई से विदेश सचिव का पद संभालेंगे।
मिस्री की नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब भारत पूर्वी लद्दाख सीमा विवाद के बाद चीन के साथ अपने कमजोर संबंधों सहित विदेश नीति से जुड़ी विभिन्न चुनौतियों से निपटने की कोशिश कर रहा है। मिस्री तीन प्रधानमंत्रियों के निजी सचिव के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं, जिनमें इंद्र कुमार गुजराल, मनमोहन सिंह और नरेन्द्र मोदी शामिल हैं।
उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के रूप में नियुक्त होने से पहले मिस्री ने 2019 से 2021 तक चीन में भारत के राजदूत के रूप में अपनी सेवाएं दी थीं।
ऐसा माना जाता है कि 59 वर्षीय मिस्री ने जून 2020 में गलवान घाटी में हुई झड़प के बाद भारत और चीन के बीच बढ़े तनाव के दौर में दोनों देशों के बीच बातचीत में अहम भूमिका निभाई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 28, 2024 09:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

