देश की खबरें | उपमुख्यमंत्री शुक्ला : पांच बार के विधायक को मप्र में भाजपा के जातीय गणित के तहत दिया गया पद
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्य प्रदेश के नवनियुक्त उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि वाले पांच बार के विधायक हैं। वह विंध्य क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक प्रमुख ब्राह्मण नेता हैं। वह छात्र राजनीति में भी सक्रिय रहे थे।
भोपाल, 13 दिसंबर मध्य प्रदेश के नवनियुक्त उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि वाले पांच बार के विधायक हैं। वह विंध्य क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक प्रमुख ब्राह्मण नेता हैं। वह छात्र राजनीति में भी सक्रिय रहे थे।
भाजपा विधायक दल के नेता और उज्जैन दक्षिण से विधायक मोहन यादव ने बुधवार को यहां लाल परेड ग्राउंड में एक भव्य समारोह में मध्य प्रदेश के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
ब्राह्मण समुदाय से ताल्लुक रखने वाले शुक्ला और दलित समुदाय से आने वाले जगदीश देवड़ा को भी राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई।
सिविल इंजीनियर शुक्ला उन तीन मंत्रियों में शामिल थे, जिन्हें नवंबर 2023 के विधानसभा चुनावों से कुछ महीने पहले शिवराज सिंह चौहान कैबिनेट में शामिल किया गया था। 2023 के चुनाव में भाजपा ने शानदार जीत दर्ज की और सत्ता बरकरार रखी।
यादव और देवड़ा की तरह 59 वर्षीय शुक्ला ने अपना करियर एक छात्र नेता के रूप में शुरू किया था। उन्होंने 1986 में रीवा इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रसंघ के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव जीता और फिर भाजपा के साथ राजनीति में प्रवेश किया।
पिछले महीने के विधानसभा चुनाव में, उन्होंने राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण विंध्य क्षेत्र के केंद्र रीवा से कांग्रेस उम्मीदवार राजेंद्र शर्मा को 21,000 से अधिक मतों से हराकर विधानसभा में पांचवीं बार जीत हासिल की।
भाजपा में विभिन्न पदों पर रहने के बाद, शुक्ला पहली बार 2003 में रीवा से विधायक चुने गए। 2003 में कांग्रेस को सत्ता से बाहर करने के बाद भाजपा ने अपनी सरकार बनाई तो वह राज्य मंत्री बने। उन्होंने रीवा से चार बार और चुनाव (2008, 2013, 2018 और 2023) जीते।
शुक्ला ने 2008 और 2013 में चौहान सरकार में मंत्री पद संभाला था, लेकिन 2020 में जब कमलनाथ के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के पतन के बाद भाजपा ने सरकार बनाई तो उन्हें मंत्रालय में जगह नहीं दी गई। हालांकि, वह अगस्त 2023 में सरकार में वापस आ गए।
अपने विभिन्न मंत्री कार्यकाल के दौरान, शुक्ला ने आवास, पर्यावरण, ऊर्जा, जनसंपर्क और संसदीय मामलों सहित अन्य विभागों को संभाला है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)