देश की खबरें | दिल्ली के कुछ हिस्सों में घना कोहरा, न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कुछ हिस्सों में शनिवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 31 दिसंबर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कुछ हिस्सों में शनिवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
आईएमडी ने बताया कि दिल्ली में शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 90 फीसदी दर्ज की गई। वहीं, अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने दिल्ली में सुबह घने कोहरे के बाद दिन में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का पूर्वानुमान जताया है।
विभाग के मुताबिक, पालम में शुक्रवार देर रात एक से दो बजे के बीच दृश्यता घटकर 250 मीटर रह गई, जो शनिवार सुबह छह बजे सुधरकर 800 मीटर हो गई।
आईएमडी के अनुसार, शनिवार सुबह साढ़े पांच बजे बठिंडा में दृश्यता 200 मीटर, चंडीगढ़ में 50 मीटर, अंबाला में 25 मीटर, बरेली में 25 मीटर, लखनऊ में 25 मीटर, वाराणसी में 50 मीटर, पटना में 25 मीटर और गया में 50 मीटर रही।
मौसम विभाग ने कहा कि दिल्ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान पिछले 15 दिनों में पहली बार दस डिग्री सेल्सियस के पार गया, लेकिन लोगों को ठंड से मिली राहत के जल्द खत्म होने का अनुमान है।
आईएमडी के मुताबिक, हिमालय से बहने वाली बर्फीली हवाएं उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की कमी का सबब बनेंगी।
विभाग ने एक बयान में कहा, ‘‘क्षेत्र में अगले चार से पांच दिनों तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। एक जनवरी से उत्तर-पश्चिम भारत में शीत लहर का नया दौर शुरू होने के आसार हैं।’’
शहर के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला ने शनिवार को न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक है। यह दिसंबर माह में राष्ट्रीय राजधानी में दर्ज सर्वाधिक न्यूनतम तापमान भी है।
मौसम विज्ञानियों ने कहा कि शनिवार को पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव खत्म होने के साथ दिल्ली के लोगों को जनवरी की शुरुआत में एक बार फिर शीत लहर और भीषण ठंड का सामना करना पड़ सकता है।
आईएमडी के अनुसार, एक से पांच जनवरी के बीच दिल्ली के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने और शीत लहर चलने के आसार हैं। विभाग ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को पारा लुढ़ककर आठ डिग्री, जबकि दो जनवरी को चार डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।
एक ठंडा दिन वह होता है, जिसमें न्यूनतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री सेल्सियस कम या इसके बराबर, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियस कम होता है। वहीं, अत्यधिक ठंडा दिन वह होता है, जिसमें अधिकतम तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस या उससे कम दर्ज किया जाता है।
मौसम विभाग ने बताया कि बहुत घना कोहरा होने पर दृश्यता 0 से 50 मीटर के बीच रहती है। वहीं, घना कोहरा होने पर दृश्यता 51 से 200 मीटर, मध्यम कोहरा होने पर 201 से 500 मीटर और हल्का कोहरा होने पर 501 से 1,000 के बीच दर्ज का जाती है।
मैदानी इलाकों में यदि न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक गिर जाता है या फिर 10 डिग्री सेल्सियस या इससे नीचे और सामान्य से 4.5 डिग्री कम हो जाता है, तो मौसम विभाग शीत लहर की घोषणा करता है।
वहीं, गंभीर शीत लहर का दौर तब माना जाता है, जब न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस तक गिर जाता है या सामान्य तापमान से इसका अंतर 6.4 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो जाता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 31, 2022 11:28 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

