एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | दिल्ली में सुबह घना कोहरा, न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली और इसके निकटवर्ती इलाकों में बुधवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जो इस महीने में असामान्य बात है।

देश की खबरें | दिल्ली में सुबह घना कोहरा, न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक

नयी दिल्ली, 22 फरवरी दिल्ली और इसके निकटवर्ती इलाकों में बुधवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जो इस महीने में असामान्य बात है।

दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया कि इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निकट पालम वेधशाला में दृश्यता स्तर गिरकर 50 मीटर रह गया।

अधिकारी ने कहा, ‘‘हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी राजस्थान में कहीं-कहीं घना कोहरा देखा गया और बिहार एवं ओडिशा में हल्के से मध्यम कोहरा रहा।’’

‘स्काईमेट वैदर’ में वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत ने कहा कि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने वाले पश्चिमी विक्षोभ के कारण पंजाब और हरियाणा के ऊपर चक्रवाती हवाओं का एक क्षेत्र बना है।

उन्होंने कहा, ‘‘चक्रवाती हवाओं के कारण गर्म एवं आर्द्र पूर्वी हवाओं और ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाओं का इस क्षेत्र में मेल हो रहा है। नमी और संघनन में वृद्धि के कारण कोहरा बन रहा है।’’

घना कोहरा इसलिए भी असामान्य है क्योंकि राजधानी में पिछले कुछ दिनों से तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है।

राष्ट्रीय राजधानी के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला में सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से नौ डिग्री अधिक 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था और यह 1969 के बाद से फरवरी का तीसरा सबसे गर्म दिन रहा।

दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से सात डिग्री अधिक रहा।

एक वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक ने कहा कि यह तापमान अकसर मार्च के शुरुआती 15 दिन में देखा जाता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 22, 2023 11:42 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).