अहमदाबाद, चार अप्रैल अहमदाबाद में वक्फ (संशोधन) विधेयक के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने पर पुलिस ने शुक्रवार को ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) की गुजरात इकाई के अध्यक्ष और उनके लगभग 40 सदस्यों को हिरासत में ले लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
संसद के दोनों सदनों में लंबी बहस के बाद बृहस्पतिवार को लोकसभा में और शुक्रवार की सुबह राज्यसभा में वक्फ (संशोधन) विधेयक पारित हो गया।
इस विधेयक का उद्देश्य वक्फ संपत्तियों (धार्मिक या धर्मार्थ उद्देश्यों के लिए मुसलमानों द्वारा स्थायी रूप से दान की गई संपत्ति) के प्रबंधन को सुव्यवस्थित करना है, जिसमें विरासत स्थलों की सुरक्षा और सामाजिक कल्याण को बढ़ावा देने के प्रावधान हैं।
संसद में विधेयक पारित होने का विरोध करने के लिए एआईएमआईएम के सदस्य और समर्थक अहमदाबाद के लाल दरवाजा इलाके के पास एकत्र हुए।
एआईएमआईएम की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष साबिर काबलीवाला के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और दावा किया कि सत्तारूढ़ पार्टी अब मस्जिदों और कब्रिस्तानों जैसी मुस्लिम संपत्तियों पर कब्जा कर रही है।
करंज थाने के निरीक्षक पी. टी. चौधरी ने कहा, ‘‘बगैर किसी पूर्व अनुमति के यह विरोध प्रदर्शन सार्वजनिक सड़क पर आयोजित किया गया था, इसलिए पुलिस ने काबलीवाला और 41 अन्य प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। उन्हें शाम तक रिहा कर दिया जाएगा।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY