देश की खबरें | ‘जबरन वसूली’ से जुड़ी ऑडियो क्लिप को लेकर सारारी को पंजाब मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस की पंजाब इकाई के विधायकों ने बृहस्पतिवार को राज्य सरकार में मंत्री फौजा सिंह सरारी को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की।
चंडीगढ़, 29 सितंबर कांग्रेस की पंजाब इकाई के विधायकों ने बृहस्पतिवार को राज्य सरकार में मंत्री फौजा सिंह सरारी को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की।
उन्होंने हाल ही में सामने आई एक ऑडियो क्लिप के मद्देनजर यह मांग की, जिसमें सरारी कथित तौर पर ‘जबरन वसूली’ के लिए कुछ ठेकेदारों को फंसाने के तरीकों पर चर्चा करते सुनाई दे रहे हैं।
कांग्रेस विधायकों ने कथित ऑडियो क्लिप की जांच केंद्र सरकार की फॉरेंसिक प्रयोगशाला से करवाने की भी मांग की।
पंजाब विधानसभा सत्र का दूसरा दिन हंगामेदार रहा। नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने ‘जबरन वसूली’ से जुड़ी कथित ऑडियो क्लिप को लेकर न सिर्फ सरारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, बल्कि इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री भगवंत मान से स्पष्टीकरण देने को भी कहा।
सरारी और उनके पूर्व सहयोगी के बीच एक कथित बातचीत की ऑडियो क्लिप इस महीने सामने आई थी, जिसमें दोनों अनाज की ढुलाई से जुड़े कुछ ठेकेदारों को कुछ अधिकारियों के माध्यम से ‘फंसाने’ के तरीकों पर चर्चा करते सुनाई दे रहे हैं, ताकि उनसे ‘पैसे वसूले जा सकें।’
सदन में सरारी से जुड़ी कथित ऑडियो क्लिप का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस नेता बाजवा ने उनके खिलाफ एक मामला दर्ज करने की भी मांग की।
जब कांग्रेस विधायक मामले में राज्य सरकार द्वारा जवाब दिए जाने की मांग पर अड़े रहे, तब विधानसभा अध्यक्ष ने उनसे कहा कि मुख्यमंत्री को आने दीजिए, क्योंकि वह उस समय सदन में मौजूद नहीं थे।
इसके बाद कांग्रेस सदस्य सदन के वेल में पहुंच गए और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
सदन की कार्यवाही में बाधा न डालने की अपील को अनसुना किए जाने पर विधानसभा अध्यक्ष ने कार्यवाही डेढ़ घंटे के लिए स्थगित कर दी।
कांग्रेस सदस्य बृहस्पतिवार को ऐसे ‘एप्रन’ पहनकर सदन पहुंचे, जिन पर सरारी के खिलाफ नारे लिखे हुए थे।
बाजवा ने याद दिलाया कि मान सरकार ने सत्ता में आने के तुरंत बाद अपने मंत्री विजय सिंगला को एक ऑडियो क्लिप के आधार पर भ्रष्टाचार के आरोप में बर्खास्त कर दिया था। उन्होंने कहा कि हालांकि, इस ऑडियो क्लिप को आज तक सार्वजनिक नहीं किया गया है।
बाजवा ने आरोप लगाया कि अब एक अन्य मंत्री के सिलसिले में अलग रवैया अपनाया जा रहा है, जबकि उनके मामले में भी एक ऑडियो क्लिप सामने आई है।
पंजाब सरकार में खाद्य प्रसंस्करण एवं रक्षा सेवा कल्याण मंत्री सरारी ने अपने ऊपर लगाए जा रहे सभी आरोपों को खारिज किया है। हालांकि, विपक्षी दल राज्य मंत्रिमंडल से सरारी की बर्खास्तगी और उनकी गिरफ्तारी की मांग पर कायम है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)