जरुरी जानकारी | महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री से बैंक कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग

मुंबई, चार अप्रैल महाराष्ट्र में बैंक कर्मचारियों पर हमले की कई घटनाएं सामने आने के बाद शुक्रवार को कर्मचारी संगठनों ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।

गृह मंत्रालय का भी प्रभार संभाल रहे फडणवीस को संबोधित एक पत्र में, यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने कहा कि एक राजनीतिक संगठन की अपील के बाद मनसे कार्यकर्ता होने का दावा करने वाले लोग बैंक शाखाओं में जा रहे हैं और कर्मचारियों को धमका रहे हैं।

फडणवीस को लिखे गए पत्र में कहा गया है, ‘‘इन राजनीतिक कार्यकर्ताओं की मांग है कि बैंक शाखाओं के सभी डिस्प्ले बोर्ड केवल मराठी में हों और सभी अधिकारी केवल मराठी में ही बात करें।’’

कर्मचारी संगठनों ने कहा कि इस दौरान बैंक अधिकारियों को धमकाने के साथ उन पर हमला भी किया गया।

पत्र के मुताबिक, ‘‘हम आपसे (फडणवीस) बैंकों में सुरक्षित माहौल बनाने के लिए तत्काल कार्रवाई करने का आग्रह करते हैं ताकि बैंक कर्मचारी बिना किसी डर के ग्राहकों की सेवा कर सकें।’’

इस घटनाक्रम पर फडणवीस ने कहा कि कुछ लोगों द्वारा कानून की अवहेलना बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

फडणवीस ने कहा, ‘‘मराठी के इस्तेमाल पर जोर देना गलत नहीं है। लेकिन अगर ऐसा करते समय कानून हाथ में लिया जाता है तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और संबंधित लोगों से उचित तरीके से निपटा जाएगा।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)