ताजा खबरें | जनसंख्या नियंत्रण कानून लाने, सेना में अहीर रेजीमेंट बनाने की मांग उठी लोकसभा में
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. लोकसभा में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के एक सदस्य ने देश में जनसंख्या नियंत्रण कानून लाने की जरूरत बताई, वहीं बहुजन समाज पार्टी के एक सदस्य ने सेना में अहीर रेजीमेंट बनाने की मांग की। अन्य कई सदस्यों ने भी सदन में शून्यकाल में लोक महत्व के विषय उठाये।
नयी दिल्ली, 11 फरवरी लोकसभा में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के एक सदस्य ने देश में जनसंख्या नियंत्रण कानून लाने की जरूरत बताई, वहीं बहुजन समाज पार्टी के एक सदस्य ने सेना में अहीर रेजीमेंट बनाने की मांग की। अन्य कई सदस्यों ने भी सदन में शून्यकाल में लोक महत्व के विषय उठाये।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उदय प्रताप सिंह ने शून्यकाल में कहा कि देश में जनसंख्या बढ़ने के कारण आवासों, सड़कों और अन्य सभी संसाधनों पर दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि इस देश की भौगोलिक स्थिति 135 करोड़ लोगों को संभालने के लायक नहीं है तो अगले कुछ साल में क्या होगा।
उन्होंने सरकार से जनसंख्या नियंत्रण के लिए कानून बनाने की मांग करते हुए कहा कि समय आ गया है जब देश में ‘दो संतान’ की नीति को लागू किया जाना चाहिए।
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के श्याम सिंह यादव ने कहा कि अहीर जाति भारतीय संस्कृति का अहम हिस्सा है और इतिहास में उसकी वीरता का वर्णन है। उन्होंने कहा कि यादवों ने अंग्रेजों का विरोध किया था, इसलिए उन्होंने सेना में इस समुदाय की रेजीमेंट नहीं बनाई थी।
उन्होंने सरकार से मांग की कि महार, राजपूताना, सिख और डोगरा आदि रेजीमेंट की तरह सेना में अहीर रेजीमेंट बनाई जानी चाहिए।
कांग्रेस के प्रद्युत बोरदोलोई ने आरोप लगाया कि असम में गैर-न्यायिक मुठभेड़ों में लोगों के मारे जाने की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने दावा किया कि असम में मई 2021 से ऐसे 90 मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को इस मामले में न्यायिक जांच करानी चाहिए।
भाजपा के राजदीप रॉय ने मिजोरम से तेल आपूर्ति करके असम लौट रहे एक ट्रक चालक की रास्ते में कथित हत्या और उसके आरोप में मृतक के भाई को आइजोल जेल में डाले जाने का विषय उठाया।
उन्होंने इस मामले में सुनियोजित साजिश होने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब आइजोल जेल में मृतक के भाई के खुदकुशी करने की बात कही जा रही है। रॉय ने इस मामले में गृह मंत्रालय से सीबीआई जांच कराने की मांग की।
आरएसपी के एन के प्रेमचंद्रन ने कर्मचारी भविष्य निधि के तहत पंजीकृत कर्मियों की पेंशन (ईपीएस 95) का विषय उठाया और कहा कि न्यूनतम पेंशन एक हजार रुपये को बढ़ाने की एक उच्चाधिकार प्राप्त निगरानी समिति की सिफारिश पर सरकार ने अब तक अमल नहीं किया है।
बसपा के कुंवर दानिश अली ने कहा कि कोरोना महामारी की वजह से बंद देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों को खोला जाना चाहिए। उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में कुलपति का कार्यकाल अगले कुछ महीने में समाप्त होने और नये कुलपति की नियुक्ति का विषय उठाते हुए कहा कि यह एक लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत होता है जिसमें विश्वविद्यालय कोर्ट के सदस्य भाग लेते हैं।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय कोर्ट के 50 प्रतिशत से अधिक पद खाली हैं और सरकार को इन्हें भरने के लिए तत्काल पहल करनी चाहिए।
कांग्रेस के बालूभाऊ धानोरकर ने शून्यकाल में दावा किया कि मौजूदा संसद जिस जमीन पर है उसे बंजारा समुदाय के एक व्यापारी ने तत्कालीन अंग्रेज शासकों को दान किया था। उन्होंने मांग की कि उस बंजारा व्यापारी के नाम पर संसद मार्ग का नाम किया जाना चाहिए।
बीजद के भर्तृहरि महताब ने कहा कि ओडिशा विधानसभा ने तीन साल पहले विधायी परिषद से संबंधित एक प्रस्ताव केंद्र को भेजा था जिसे गृह मंत्रालय ने प्राप्त किया था। उन्होंने कहा कि हाल में कानून मंत्री ने संसद में कहा कि रिकॉर्ड के अनुसार सरकार को ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं मिला।
महताब ने कहा, ‘‘यह बहुत अजीब बात है। यह मंत्रालयों के बीच समन्वय नहीं होने की बात दिखाता है।’’
उन्होंने कहा कि मंत्रियों द्वारा सदन में जवाब देने में इस तरह की त्रुटियां नहीं होनी चाहिए।
महाराष्ट्र से निर्दलीय सांसद नवनीत राणा ने मांग की कि आजादी से पहले पाकिस्तान से आकर राज्य में बसे सिंधी समुदाय के लोगों को 2019 के नागरिकता संशोधन कानून के तहत भारतीय नागरिकता दी जानी चाहिए जिससे उन्हें उनके अधिकार मिल सकें।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 11, 2022 07:55 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

