देश की खबरें | तिरंगा नहीं लगाने वाले मकानों के तस्वीर की मांग केवल कार्यकर्ताओं के लिए : भाजपा नेता भट्ट

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी की उत्तराखंड इकाई के नवनियुक्त अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराने वाले मकानों के तस्वीरों की उनकी मांग आम जनता के लिए नहीं बल्कि केवल पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए है।

देहरादून, 12 अगस्त भारतीय जनता पार्टी की उत्तराखंड इकाई के नवनियुक्त अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराने वाले मकानों के तस्वीरों की उनकी मांग आम जनता के लिए नहीं बल्कि केवल पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए है।

ऐसी मांग कर विपक्षी दलों के निशाने पर आए भट्ट ने कहा कि देश के लिए सच्ची भावना रखने वाला कोई भी व्यक्ति आजादी के 75 साल का जश्न मनाने के लिए अपने घर पर तिरंगा फहराने से नहीं हिचकेगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी टिप्पणी केवल पार्टी कार्यकर्ताओं के संदर्भ में थी। हालांकि, उन्होंने कहा, ‘‘मेरा यह दृढ विश्वास है कि जो भी व्यक्ति इस देश के लिए महसूस करता है, अपने घर पर तिरंगा लगाने से नहीं हिचकेगा।’’

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि तिरंगे के सम्मान के लिए हमारे स्वतंत्रता सेनानी फांसी के फंदे पर चढ गए। उन्होंने कहा, ‘‘मैं चाहता हूं कि प्रधानमंत्री के ‘आजादी का अमृत महोत्सव ’ को मनाने के आह्वान पर देश भर में हर घर पर तिरंगा फहराया जाए।’’

हाल में नैनीताल जिले के हल्द्वानी में दिए अपने बयान को फिर दोहराते हुए भट्ट ने कहा कि देश उन पर विश्वास नहीं करेगा जो इस मौके पर अपने घरों पर तिरंगा नहीं फहराएंगे।

गौरतलब है कि हल्द्वानी में एक कार्यक्रम में भट्ट ने कहा था, ‘‘जिस घर में तिरंगा नहीं लगेगा, हम उसे कभी विश्वास की नजर से नहीं देख पाएंगे। मुझे उस घर का फोटो चाहिए, जिस घर पर तिरंगा न लगा हो।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now