जरुरी जानकारी | भीषण गर्मी व चुनाव से मांग प्रभावित, यात्री वाहन की खुदरा बिक्री मई में एक प्रतिशत घटी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. भीषण गर्मी और चुनाव के कारण मांग प्रभावित होने से मई में घरेलू यात्री वाहन खुदरा बिक्री में सालाना आधार पर एक प्रतिशत की गिरावट आई। उद्योग निकाय फाडा ने सोमवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 10 जून भीषण गर्मी और चुनाव के कारण मांग प्रभावित होने से मई में घरेलू यात्री वाहन खुदरा बिक्री में सालाना आधार पर एक प्रतिशत की गिरावट आई। उद्योग निकाय फाडा ने सोमवार को यह जानकारी दी।
यात्री वाहनों का पंजीकरण मई में घटकर 3,03,358 इकाई रह गया, जबकि मई 2023 में यह 3,35,123 इकाई था।
फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (फाडा) के अध्यक्ष मनीष राज सिंघानिया ने कहा, ‘‘ डीलरों ने पिछले महीने बिक्री में गिरावट के लिए चुनाव, भीषण गर्मी और बाजार में नकदी की समस्या को प्रमुख कारण बताया है।’’
उन्होंने कहा कि बेहतर आपूर्ति, कुछ लंबित बुकिंग और छूट योजनाओं के बावजूद नए मॉडल की कमी, तीव्र प्रतिस्पर्धा और मूल उपकरण निर्माताओं (ओईएम) द्वारा खराब विपणन प्रयासों ने भी बिक्री को प्रभावित किया।
सिंघानिया ने कहा कि अत्यधिक गर्मी के कारण शोरूम में आने वाले ग्राहकों की संख्या में करीब 18 प्रतिशत की गिरावट आई है।
मई में दोपहिया वाहनों की बिक्री दो प्रतिशत बढ़कर 15,34,856 इकाई हो गई, जबकि पिछले साल इसी महीने में यह 14,97,778 इकाई थी।
पिछले महीने तिपहिया वाहनों की खुदरा बिक्री सालाना आधार पर 20 प्रतिशत बढ़कर 98,265 इकाई हो गई। वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री पिछले महीने चार प्रतिशत बढ़कर 83,059 इकाई रही, जबकि मई 2023 में यह 79,807 इकाई थी।
फाडा 15,000 से अधिक मोटर वाहन डीलरशिप का प्रतिनिधित्व करता है। उसने देश भर के 1,503 आरटीओ में से 1,360 से वाहन खुदरा आंकड़े एकत्र किए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 10, 2024 10:58 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

