मुंबई, 16 नवंबर पूंजी बाजार नियामक सेबी की प्रमुख माधवी पुरी बुच ने बृहस्पतिवार को कहा कि निदेशक मंडल की अगली बैठक में कंपनियों की सूचीबद्धता समाप्त करने से संबंधित प्रावधानों में संभावित बदलावों पर चर्चा की जाएगी।
भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) की चेयरपर्सन बुच ने उद्योग मंडल फिक्की के एक कार्यक्रम में यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि सेबी प्रबंधन दिसंबर या जनवरी में बोर्ड के समक्ष भेदिया कारोबार के मानदंडों में बदलाव का खाका भी पेश करेगा।
बुच ने कहा, ‘‘ऐसी मान्यता थी कि हम कभी भी गैर-सूचीबद्धता नियमों की समीक्षा नहीं करेंगे और हम हमेशा रिवर्स बुक बिल्डिंग प्रक्रिया से ही जुड़े रहेंगे। इस बारे में हमने एक परामर्श पत्र जारी किया था जिसपर हमें तमाम प्रतिक्रियाएं मिली हैं। हम अगली बोर्ड बैठक में उस प्रस्ताव को अपने निदेशक मंडल के समक्ष लाने जा रहे हैं।’’
इसके साथ ही सेबी प्रमुख ने कहा कि बाजार नियामक को भेदिया कारोबार संबंधी प्रावधानों को लेकर भी काफी हद तक ‘हठधर्मी’ माना जाता रहा है लेकिन नियामक ने परामर्श शुरू करके इसपर नए सिरे से विचार करना शुरू कर दिया है।
बुच ने कहा कि ये सभी कदम ‘हठधर्मिता से बचने’ के प्रयासों का हिस्सा हैं।
उन्होंने कहा कि सेबी डेटा पर ध्यान केंद्रित कर रहा है और नियमों को लाने के लिए आंकड़ों का परीक्षण कर रहा है। उन्होंने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो नियामक कुछ सप्ताह के लिए फैसले टाल सकता है लेकिन कोई भी नियम डेटा और उसके विश्लेषण के बगैर नहीं लाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सेबी ने गतिशील बाजार परिदृश्य में नियमों के संदर्भ में अधिक परामर्शवादी नजरिया अपनाया है। उन्होंने बताया कि पिछले साल जारी किए गए 167 परिपत्रों में से एक-तिहाई सार्वजनिक परामर्श के माध्यम से लाए गए हैं।
इस बीच, सेबी प्रमुख ने शेयर कारोबार मंचों के निष्क्रिय होने के बारे में पूछे जाने पर कहा कि सेबी के पास एक प्रणाली है जहां ब्रोकर के ऑफलाइन होने पर निवेशक सीधे एक्सचेंज की वेबसाइट का रुख कर सकता है।
इसके साथ ही उन्होंने सुझाव देते हुए कहा, ‘‘यदि आप एक नियमित कारोबारी हैं जिसपर हर मिनट के उतार-चढ़ाव का असर पड़ता है तो आपको जोखिम में विविधता लाने की जरूरत है। आप दो ब्रोकिंग मंचों पर अपना खाता खोलें।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY