देश की खबरें | दिल्ली की प्रगति मैदान सुरंग यातायात के लिए खुली

नयी दिल्ली, 13 जुलाई राष्ट्रीय राजधानी में भारी बारिश के चलते हुए जलभराव के कारण चार दिन तक बंद रही प्रगति मैदान सुरंग को यातायात के लिए खोल दिया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को इसकी जानकारी दी।

दिल्ली के कई हिस्सों में जलभराव के कारण बृहस्पतिवार को कुछ सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई, जिससे प्रगति मैदान सहित आसपास की सड़कों पर जाम लग गया।

दिल्ली पुलिस ने ट्वीट कर कहा, ‘‘प्रगति मैदान सुरंग को वाहनों के लिए खोल दिया गया है। वाहन चालक इसके अनुसार ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं।’’

अधिकारियों के अनुसार, जलभराव के साथ रविवार को होने वाली सफाई और रखरखाव के काम के चलते प्रगति मैदान सुरंग को यातायात के लिए बंद कर दिया गया था।

उधर, यातायात पुलिस ने यमुना के जलस्तर में वृद्धि के कारण बृहस्पतिवार को वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध और विनियमन के संबंध में परामर्श जारी किया।

परामर्श के अनुसार, महात्मा गांधी मार्ग पर आईपी फ्लाईओवर और चंदगी राम अखाड़े के बीच, कालीघाट मंदिर और दिल्ली सचिवालय के बीच वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई है। साथ ही बाहरी रिंग रोड पर वजीराबाद पुल और चंदगी राम अखाड़े के बीच भी यातायात बाधित है।

यातायात पुलिस ने उपरोक्त मार्ग का इस्तेमाल करने से बचने की सलाह दी है।

दिल्ली में बृहस्पतिवार सुबह युमना का जल स्तर 208.48 मीटर तक पहुंच गया। इसके कारण आस-पास की सड़कों, सार्वजनिक और निजी बुनियादी ढांचे में पानी भर गया। यमुना के तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)