देश की खबरें | दिल्ली के विद्युत मंत्री ने ग्रीष्मकालीन कार्ययोजना को लागू करने का दिया आदेश

नयी दिल्ली, दो मार्च दिल्ली के विद्युत मंत्री आशीष सूद ने रविवार को अधिकारियों को राष्ट्रीय राजधानी में ग्रीष्मकालीन कार्य योजना को तत्काल प्रभाव से लागू करने का निर्देश दिया।

एक बयान के अनुसार, दिल्ली सचिवालय में बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान मंत्री ने गर्मियों से पहले निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए योजना को लागू करने की तत्काल आवश्यकता पर बल दिया।

विद्युत विभाग और सभी पक्षों को स्थिर विद्युत आपूर्ति बनाये रखने के लिए तत्काल एवं प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिये गये।

सूद ने इस बात पर प्रकाश डाला कि सभी निवासियों के लिए बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है।

उन्होंने लटकते तारों को हटाकर व्यवस्थित ‘ओवरहेड बिजली केबल’ के साथ एक मॉडल कॉलोनी विकसित करने की परिकल्पना को रेखांकित किया।

इस बैठक में बिजली के खंभों से अनधिकृत केबलों को हटाने पर भी चर्चा हुई ताकि अत्यधिक भार को कम किया जा सके और तारों को उलझने से रोका जा सके।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)