देश की खबरें | कांग्रेस की दिल्ली इकाई ने नीट 'पेपर लीक' को लेकर भाजपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस की दिल्ली इकाई के कार्यकर्ताओं ने ‘राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी), 2024 की परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर शुक्रवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्यालय के निकट विरोध प्रदर्शन किया।
नयी दिल्ली, 21 जून कांग्रेस की दिल्ली इकाई के कार्यकर्ताओं ने ‘राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी), 2024 की परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर शुक्रवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्यालय के निकट विरोध प्रदर्शन किया।
इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अंतरिम अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने किया।
यादव ने कहा कि पार्टी युवाओं के हित के लिए शांतिपूर्वक विरोध कर रही है और तब तक शांत नहीं बैठेगी, जब तक कि नीट-स्नातक परीक्षा में बैठने वाले लाखों छात्रों को न्याय नहीं मिल जाता।
पार्टी ने एक बयान में कहा कि यादव के नेतृत्व में प्रदर्शन में भाग लेने वाले सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे यह सुनिश्चित करने का प्रयास करेंगे कि छात्रों को न्याय मिले।
कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी की राज्य इकाई के कार्यालय में एकत्र हुए और भाजपा मुख्यालय की ओर बढ़े, लेकिन पुलिस ने उन्हें बीच में ही रोक दिया।
पार्टी के बयान में कहा गया कि उन्हें आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने अवरोधक लगाए थे।
पुलिस ने यादव और अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया और विभिन्न थानों मे ले जाया गया। बाद में इन्हें रिहा कर दिया गया।
पूर्व सांसद उदित राज और अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा और कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी विरोध प्रदर्शन में भाग लिया।
नीट-स्नातक परीक्षा पांच मई को आयोजित की गई थी, जिसमें लगभग 24 लाख उम्मीदवारों ने भाग लिया था।
नीट के नतीजे चार जून को घोषित किए गए।
बिहार और कुछ अन्य राज्यों में प्रश्नपत्र लीक होने और परीक्षा में अन्य अनियमितताओं के आरोप लगे हैं। आरोपों के कारण कई शहरों में विरोध प्रदर्शन हुए और कई उच्च न्यायालयों के साथ-साथ उच्चतम न्यायालय में भी याचिकाएं दायर की गई हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)