देश की खबरें | दिल्ली : हॉर्न बजाने को लेकर हुए विवाद पर दो बहनों ने पूर्व डीएसपी पर हमला किया, गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पूर्वी दिल्ली के वसुंधरा एन्क्लेव इलाके में हॉर्न बजाने को लेकर हुए विवाद के बाद दो बहनों ने उत्तर प्रदेश के एक पूर्व पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) के घर में घुसकर उन पर और उनके परिवार पर कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, तीन नवंबर पूर्वी दिल्ली के वसुंधरा एन्क्लेव इलाके में हॉर्न बजाने को लेकर हुए विवाद के बाद दो बहनों ने उत्तर प्रदेश के एक पूर्व पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) के घर में घुसकर उन पर और उनके परिवार पर कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना शनिवार रात को हुई, जब कैंसर के मरीज पूर्व डीएसपी अशोक शर्मा ने एक दिन पहले दोनों बहनों से कार का हॉर्न न बजाने का अनुरोध किया था।
उन्होंने बताया कि इस हमले में अशोक शर्मा को मामूली चोट आई है।
अधिकारी ने बताया कि दोनों बहनें छवि जैन (21) और भव्या जैन (23) अनेकांत अपार्टमेंट में रहती हैं और इसी सोसायटी में पूर्व डीएसपी शर्मा भी रहते हैं।
अधिकारी ने कहा, ‘‘ऐसा आरोप है कि दोनों बहनें शनिवार को शर्मा के घर में जबरन घुस आईं और चाकू लेकर उन पर और उनके परिवार पर हमला कर दिया। इस दौरान हंगामा हुआ और पड़ोसी भी मौके पर पहुंच गए। कुछ लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन इस हमले के कारण उन्हें भी हल्की चोट पहुंची।’’
पुलिस ने बताया कि इस हमले के बाद दोनों बहनों ने अपने वाहन से भागने की कोशिश की और कथित तौर पर एक स्कूटर सवार को टक्कर मार दी।
उसने बताया कि आरोपी बहनें स्कूटर सवार को कथित तौर पर कुछ मीटर तक घसीटते हुए ले गईं और इस दौरान एक पुलिसकर्मी को भी घायल कर दिया।
अधिकारी के अनुसार, ‘‘मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों बहनों का पीछा किया और उन्हें नोएडा से पकड़ लिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।’’
पुलिस के मुताबिक, पूर्व डीएसपी शर्मा, उनकी बेटी रीना, हेड कांस्टेबल सुनील और स्कूटर सवार जोगिंदर द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर दोनों बहनों के खिलाफ न्यू अशोक नगर पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
अधिकारी ने बताया कि दोनों बहनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(2) (हत्या का प्रयास), 115 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 126(2) (गलत तरीके से रोकना), 221 (लोक सेवक के सार्वजनिक कार्यों के निर्वहन में बाधा डालना) और 132 (लोक सेवक पर हमला करना या आपराधिक बल प्रयोग) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सूत्रों ने बताया कि दोनों बहनें झगड़ालू मिजाज की हैं और उन्होंने कुछ महीने पहले एक विवाद के चलते कथित तौर पर एक सुरक्षा गार्ड को बंधक बना लिया था।
सूत्रों के अनुसार, दोनों बहनों के खिलाफ इससे पहले सितंबर में एक मामला दर्ज किया गया था, जिसमें उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट की कार्यवाही जारी है।
पुलिस ने बताया कि कल्याणपुरी के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) के नेतृत्व में दोनों बहनों के खिलाफ दर्ज मामलों की जांच जारी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)