एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | दिल्ली : कनाडाई गैंगस्टर के दो शूटर गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दक्षिणपूर्व दिल्ली से कनाडाई गैंगस्टर अर्शदीप सिंह के दो शूटरों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | दिल्ली : कनाडाई गैंगस्टर के दो शूटर गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 12 अक्टूबर दक्षिणपूर्व दिल्ली से कनाडाई गैंगस्टर अर्शदीप सिंह के दो शूटरों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने बुधवार रात को सराय काले खां के समीप रिंग रोड से दो लोगों को गिरफ्तार किया, जिसमें से एक की पहचान कृष्ण के रूप में हुई है।

एक अधिकारी ने बताया कि विशेष प्रकोष्ठ ने दोनों शूटरों को रोका और उनसे समर्पण करने के लिए कहा।

अधिकारी ने बताया, ''कृष्ण ने पुलिस दल पर गोली चलाई हालांकि कोई भी अधिकारी घायल नहीं हुआ। अन्य आरोपी ने अपने थैले से हथगोला निकाला लेकिन वह उसकी पिन खींच पाता उससे पहले ही हमारी टीम ने उसे धर-दबोचा।''

अधिकारी ने बताया कि उनके कब्जे से एक हथगोला, एक पिस्तौल और पांच कारतूस बरामद किए गए और मामले की जांच की जा रही है।

कनाडाई गैंगस्टर अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श दाला, पंजाब के मोगा के दाला गांव का रहने वाला है और राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) व पंजाब पुलिस द्वारा वांछित अपराधी है।

पंजाब के सीमावर्ती राज्यों में सुपारी लेकर कई हत्याओं में उसकी संलिप्तता भी सामने आई है। सिंह पर पाकिस्तान से हथियार लेकर राज्य में गिरोहों को आरडीएक्स, आईईडी, एके 47 और अन्य हथियार की आपूर्ति करने का भी आरोप है।

सिंह के खिलाफ मई 2022 में रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 12, 2023 04:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).