देश की खबरें | दिल्ली: जहरीले धुएं के कारण परिवार के चार सदस्यों में से दो लोगों की मौत, आत्महत्या की आशंका

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तरी दिल्ली के संगम पार्क इलाके में कथित तौर पर जहरीले धुएं की चपेट में आने से परिवार के दो नाबालिग बच्चों की मौत हो गयी पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, 12 मई उत्तरी दिल्ली के संगम पार्क इलाके में कथित तौर पर जहरीले धुएं की चपेट में आने से परिवार के दो नाबालिग बच्चों की मौत हो गयी पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है और चिकित्सकों की देखरेख में मौजूद माता-पिता की हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस उपायुक्त (उत्तर पश्चिम) भीष्म सिंह ने बताया कि घटना संगम पार्क इलाके में ‘डीएसआईडीसी शेड’ नंबर 63 में बाइक हॉर्न की विनिर्माण इकाई में हुई।

पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान जगदीश सिंह (16) और हरगुल कौर (15) के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले बच्चे विनिर्माण इकाई के मालिक हरदीप सिंह और उनकी पत्नी हरप्रीत कौर (38) के थे।

पुलिस के मुताबिक, पूरा परिवार सुबह शेड में पहुंचा था और परिसर के अंदर फैले जहरीले धुएं की चपेट में आ गया।

पुलिस ने बताया कि परिवार को व्यवसाय में भारी वित्तीय नुकसान उठाना पड़ा था।

पुलिस के मुताबिक, घटना की सूचना मिलने के बाद हरदीप सिंह और उनके बच्चों को हिंदू राव अस्पताल में भर्ती कराया गया जबकि हरप्रीत कौर को दीप चंद बंधु अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस ने बताया कि जगदीश और हरगुल की इलाज के दौरान मौत हो गई जबकि हरदीप और उनकी पत्नी अभी भी चिकित्सकों की निगरानी में हैं तथा उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस को घटना के बारे में तब पता चला जब पीड़ितों में से एक बच्चे ने अपने रिश्तेदारों को इसकी जानकारी दी, जिन्होंने पुलिस और आपातकालीन सेवाओं को सूचित किया।

अधिकारी ने बताया कि शेड को सील कर मामला दर्ज कर लिया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\