देश की खबरें | दिल्ली : भाजपा के शीर्ष नेताओं ने मालीवाल के साथ 'मारपीट' को लेकर केजरीवाल पर साधा निशाना

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता और केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री आवास पर पार्टी की राज्यसभा सदस्य स्वाति मालीवाल के साथ कथित 'मारपीट' पर केजरीवाल की चुप्पी 'शर्मनाक' है।

नयी दिल्ली, 17 मई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता और केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री आवास पर पार्टी की राज्यसभा सदस्य स्वाति मालीवाल के साथ कथित 'मारपीट' पर केजरीवाल की चुप्पी 'शर्मनाक' है।

पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी हर्ष मल्होत्रा के समर्थन में लक्ष्मी नगर इलाके में प्रचार करते हुए केंद्रीय वित्त मंत्री ने कहा कि आरोपों पर केजरीवाल की 'चुप्पी' हैरान और स्तब्ध करने वाली है।

उन्होंने कहा, ''घटना के बारे में बात करना या उस व्यक्ति को दंडित करना तो दूर केजरीवाल आरोपी के साथ घूमते हुए दिखाई दे रहे हैं। यह बेहद शर्मनाक है कि दिल्ली महिला आयोग की पूर्व प्रमुख और एक महिला सांसद के साथ इस तरह का व्यवहार किया गया।''

सीतारमण ने 'आशंका' जताई कि मालीवाल को मुखर होकर बोलने और अपने संघर्ष को तार्किक निष्कर्ष तक ले जाने से रोकने के लिए संभवत: धमकी दी गई है।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देवली में भाजपा के दक्षिणी दिल्ली लोकसभा सीट से उम्मीदवार रामवीर सिंह बिधूड़ी के लिए प्रचार करते हुए आरोप लगाया कि विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' एक विशेष समुदाय के लिए अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) का आरक्षण लागू करना चाहता है।

धामी ने विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री के आवास पर मालीवाल के साथ 'मारपीट' आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की महिला विरोधी मानसिकता को दर्शाती है।

उन्होंने पूछा, ''अगर एक महिला सांसद के साथ ऐसा अशोभनीय व्यवहार किया जाता है, तो वे सामान्य महिलाओं के साथ कैसा व्यवहार करते होंगे?''

धामी ने दावा किया कि विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' की महिला विरोधी मानसिकता इस तथ्य से भी झलकती है कि दोनों पार्टियों ने दिल्ली में एक भी महिला उम्मीदवार को चुनाव मैदान में नहीं उतारा।

चांदनी चौक से भाजपा उम्मीदवार प्रवीण खंडेलवाल के समर्थन में महिलाओं की एक सभा में भाग लेते हुए वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि मोदी ने एक करोड़ महिलाओं को 'लखपति दीदी' बनने में सक्षम बनाया है।

विजयवर्गीय ने कहा कि जहां एक तरफ मोदी सरकार ने देश की महिलाओं को सशक्त बनाने का काम किया वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री के आवास पर एक महिला सांसद के साथ 'मारपीट' की गयी।

उन्होंने कहा, ''अब फैसला आपके हाथ में है कि आप देश के लिए कैसा नेता चाहते हैं।''

लोकसभा चुनाव के छठे चरण में राष्ट्रीय राजधानी की सात सीट पर 25 मई को मतदान होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\