दिल्ली में सम-विषम आधार पर खुलेंगी दुकानें, पाबंदियों के साथ बसें, कैब चलायी जाएंगी: केजरीवाल
ऑनलाइन संवाददाता सम्मेलन में मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा, “ हमें धीरे-धीरे अर्थव्यवस्था को खोलने की दिशा में आगे बढ़ना होगा। हमने लॉकडाउन की अवधि का उपयोग कोविड-19 से निपटने की व्यवस्था करने में किया। दिल्ली के निवासियों ने पिछले डेढ़ महीने में जो तपस्या की है, वह बेकार नहीं जाएगी।’’
नयी दिल्ली, 18 मई दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को बाजारों में सम-विषम आधार पर दुकानें खोलने और केवल 20 यात्रियों के साथ बसों का संचालन करने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने कहा कि दिल्ली में मेट्रो ट्रेन, स्कूल, कॉलेज, सिनेमाघर, शॉपिंग मॉल और स्विमिंग पूल बंद रहेंगे।
ऑनलाइन संवाददाता सम्मेलन में मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा, “ हमें धीरे-धीरे अर्थव्यवस्था को खोलने की दिशा में आगे बढ़ना होगा। हमने लॉकडाउन की अवधि का उपयोग कोविड-19 से निपटने की व्यवस्था करने में किया। दिल्ली के निवासियों ने पिछले डेढ़ महीने में जो तपस्या की है, वह बेकार नहीं जाएगी।’’
उन्होंने कहा, '' कोरोना वायरस रहेगा, लेकिन जीना भी जारी रखना होगा। हम स्थायी तौर पर लॉकडाउन नहीं कर सकते।''
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में सभी तरह की दुकानें खोलने की अनुमति रहेगी और बाजार में स्थित दुकानें सम-विषम के आधार पर खोली जाएंगी। गली-मोहल्ले और रिहायशी परिसरों की दुकानें भी खुली रहेंगी।
साथ ही उन्होंने कहा कि अगर दुकानदार सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करते नहीं पाए गए तो अधिकारी ऐसी दुकानों को बंद कराएंगे।
केजरीवाल ने कहा कि शहर में सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करना और मास्क पहनना अनिवार्य है। जरूरी सेवाओं के अलावा निषिद्ध क्षेत्र में किसी तरह की गतिविधि की छूट नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि शहर में बसों में चढ़ने से पहले लोगों की जांच की जाएगी और केवल 20 लोगों को ही यात्रा की अनुमति रहेगी। बस स्टॉप और यात्रा के दौरान बसों में सामाजिक दूरी के नियमों का पालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी परिवहन विभाग की होगी।
इसके अलावा, टैक्सी समेत सभी चार पहिया वाहनों में केवल दो यात्रियों को बैठाने की अनुमति होगी।
उन्होंने कहा कि टैक्सी, ऑटो और कैब चालकों को हर यात्रा के बाद सवारी के उतरने पर सीट को संक्रमणमुक्त करना होगा।
केजरीवाल ने कहा कि दो पहिया वाहनों को अनुमति दी जाएगी लेकिन पीछे की सीट पर किसी को बैठाकर यात्रा करना प्रतिबंधित होगा।
उन्होंने कहा कि सभी सरकारी और निजी कार्यालयों को अपने पूरे कर्मचारियों को बुलाने की अनुमति रहेगी लेकिन, निजी कार्यालय संभव हो तो, कर्मचारियों से घर से ही काम करवाने की कोशिश करें।
मुख्यमंत्री ने कहा, “दिल्ली में भवन निर्माण कार्य और सामान ले जाने वाले ट्रकों को आवाजाही की अनुमति होगी।”
केजरीवाल ने बताया कि दिल्ली में 31 मई तक धार्मिक सभाओं पर रोक है। साथ ही रेस्तरां होम-डिलीवरी के लिए खुल सकते हैं लेकिन रेस्तरां में डाइनिंग सेवा की अनुमति नहीं होगी।
केजरीवाल ने कहा कि विवाह समारोह में केवल 50 लोग जबकि अंतिम संस्कार में अधिकतम 20 लोग शामिल हो सकते हैं।
केंद्र सरकार ने रविवार को कोरोना वायरस के कारण लागू लॉकडाउन में थोड़ी और ढील देते हुए इसे 31 मई तक बढ़ा दिया।
गौरतलब है कि दिल्ली में कोविड-19 से जान गंवाने वाले लोगों की संख्या सोमवार को बढ़ कर 160 हो गई जबकि संक्रमण के मामले 10,000 के पार चले गए ।
अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना वायरस के 299 नए मामले सामने आए हैं जबकि फिलहाल इसके 5,409 मरीजों का उपचार चल रहा है।
कोरोना वायरस के मामले 10,000 के पार जाने के साथ ही दिल्ली ऐसा चौथा राज्य/केंद्रशासित प्रदेश बन गया है जहां इस महामारी के मामले 10000 से ऊपर हो गये।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 18, 2020 09:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

