देश की खबरें | दिल्ली: पड़ोसी पर पथराव और गोलीबारी के आरोप में दो महिलाओं समेत तीन लोग गिरफ्तार

नयी दिल्ली, नौ जुलाई दिल्ली के मलकागंज इलाके में निजी रंजिश में अपने पड़ोसी पर पथराव और गोलीबारी करने के आरोप में दो महिलाओं समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि इस घटना में एक व्यक्ति गोली लगने से घायल हुआ जबकि कई अन्य के सिर में चोट आई थी।

उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान अनीता, काजल और वरुण के रूप में हुई है और उन्हें नेपाल सीमा के पास उत्तराखंड के उधम सिंह नगर से गिरफ्तार किया गया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "विक्की ने शिकायत दर्ज कराई है कि होली के दिन उसके परिवार के लोगों और पड़ोसी मोहित के बीच तीखी बहस हुई थी व मोहित के रिश्तेदार ने उनके साथ गाली-गलौज की थी।"

उन्होंने बताया कि इस झगड़े ने तब हिंसक रूप ले लिया जब मोहित ने अपनी मां अनीता, भाई दीपक, बहन काजल और बहनोई वरुण सहित अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर कथित तौर पर पथराव शुरू कर दिया और बाद में विक्की के परिवार पर गोलीबारी भी की।

अधिकारी ने बताया कि विक्की गोलीबारी से बच गया, लेकिन बीच-बचाव कर रहा रोहित नामक एक निवासी गोली लगने से घायल हो गया। उन्होंने बताया कि पथराव में कई अन्य लोगों के सिर में भी चोट आई थी।

अधिकारी ने बताया कि मोहित और दीपक को घटना के तुरंत बाद गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि शेष तीन आरोपी फरार हो गए।

तीनों के खिलाफ सब्जी मंडी पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया और 14 मार्च से वे फरार थे।

अधिकारी ने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने खटीमा में एक किराये के मकान पर छापा मारा और कार्रवाई के दौरान तीनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)